दिल्ली : महिला को लूटने के आरोप में चार गिरफ्तार, सोने के जेवर बरामद
नई दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने बिंदापुर इलाके में किराए का कमरा पूछने के बहाने 86 वर्षीय एक महिला के घर में घुसकर उससे सोने के जेवर लूटने के आरोप में तीन सगे भाई-बहनों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दो आरोपी महिलाओं, उनके भाई और उसके दोस्त ने बुजुर्ग महिला के घर के बाहर ‘किराए पर कमरा’ का बोर्ड देखा और इसी बहाने घर में प्रवेश किया। उसने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चूड़ियां, बालियां और एक अंगूठी बरामद कर ली गयी है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की पहचान नंदराम पार्क निवासी रतन महतो (19), उसकी बहनें अंजलि (24) और रंजू (20) तथा उनके दोस्त उत्तम नगर निवासी राजू कुमार (27) के रूप में हुई है। पुलिस को 14 नवंबर को शिकायत मिली थी कि दो महिलाओं और दो पुरुषों ने घर में जबरन घुसकर अकेली बुजुर्ग महिला से जेवर लूटे है। उसने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिससे एक आरोपी महिला की पहचान हुई।
जांच के दौरान, आरोपियों ने खुलासा किया कि घटना से लगभग 10 दिन पहले उन्होंने महिला को घर के बाहर सोने के जेवर पहने देखा था। कमरा किराए पर का बोर्ड देखकर उन्होंने लूट की योजना बनाई था। लूट से कुछ दिन पहले, दोनों महिलाओं ने कमरे के बारे में पूछताछ भी की थी, जिससे उन्हें पता चला कि बुजुर्ग महिला दिन के समय घर पर अकेली रहती है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



