हिमाचल के मंडी में बाढ़ का कहर : तीन की मौत, एक लापता
हिमाचल, हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में सोमवार रात बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, 20 से अधिक वाहन मलबे में दब गए और कई घर जलमग्न हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बारिश का कहर इतना भयंकर था कि शहर से होकर बहने वाले सुकट्टी नालों में आए तेज बहाव ने भारी मलबा बहा दिया, जो लगभग 5 किलोमीटर के इलाके में कई स्थानों में घुस गया।
सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र जेल रोड, सैणी मोहल्ला और जोनल अस्पताल क्षेत्र रहे। मंडी की उपायुक्त अपूर्वा देवगन ने बताया, “तीन लोगों की मौत हो गई, एक घायल हुआ है जबकि एक महिला लापता है।” उन्होंने आगे कहा कि बचाव कार्य जोरों पर है और लगभग 15-20 लोगों को बचा लिया गया है। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग को 4 मील, 9 मील और डवाड़ा पर बंद कर दिया गया है क्योंकि सड़क के हिस्से बह गए हैं।
यह भी पढ़े: धर्मस्थल के पास दिखा जंगली हाथी : स्थानीय लोगों में दहशत
यह नई आपदा मंडी जिले में लोगों और प्रशासन की मुसीबतें बढ़ाने वाली साबित हुई है, जहां जून 30-जुलाई 1 की रात सीराज, नाचन, धर्मपुर और करसोग विधानसभा क्षेत्रों में मानसूनी तबाही के चलते 15 लोगों की मौत हुई थी।
विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और मंडी की उपायुक्त मौके पर मौजूद रहे। इस बीच, लगातार बारिश से हुए भूस्खलन के कारण शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग पुराने कांगड़ा घाट पर बंद हो गया है। राज्य के कई हिस्सों से पेड़ों के उखड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें मिली हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



