डॉ. अंबेडकर का दर्शन हमारे लोकतांत्रिक शासन का मूल आधार : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का दर्शन लोकतांत्रिक शासन का आधार है। उनकी सरकार शिक्षा एवं गरीबों के कल्याण के मोर्चे पर निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री यहाँ भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर के 135वें जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने यह सिद्ध किया कि बिना एक बूंद खून बहाए भी शांति के माध्यम से युद्ध जीता जा सकता है, जबकि अंबेडकर की भूमिका देश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने में उतनी ही महत्वपूर्ण रही।



हम महात्मा गांधी और बाबा साहेब अंबेडकर को राष्ट्र की दो आँखें मानते हैं। आज पूरी दुनिया अंबेडकर के आदर्शों को अपना रही है। अंबेडकर का दर्शन हमारे लोकतांत्रिक शासन का मूल आधार है। अंबेडकर का दृढ़ विश्वास था कि शिक्षा ही हमारे जीवन को बदलने की शक्ति रखती है। सरकार ने सरकारी छात्रावासों में छात्रों के लिए डाइट चार्ज बढ़ाए हैं, जाति आधारित भेदभाव को समाप्त करने के उद्देश्य से यंग इंडिया इंटीग्रेटेड स्कूल्स की स्थापना की जा रही है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए तेलंगाना पब्लिक स्कूल्स शुरू किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें… जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : रेवंत रेड्डी
पूर्व सरकार पर मुख्यमंत्री का हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के सशक्तिकरण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। केवल दो वर्षों में सरकार ने 4.5 लाख इंदिरम्मा घर वितरित किए हैं। इनमें अधिकांश लाभार्थी दलित और आदिवासी हैं। सृजित नौकरियों में 87 प्रतिशत एससी, एसटी, बीसी और अल्पसंख्यक समुदायों को दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर ने सत्रों से दूर रहकर स्पीकर का अपमान किया।
वह अब विधानसभा में बोलने के लिए एक दलित व्यक्ति से माइक माँगने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता गरीब वर्गों के सशक्तिकरण के लिए सरकार के प्रयासों को विफल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने क्रांतिकारी गायक गदर और लोककवि आंदेश्री को याद किया। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और कमजोर वर्गों ने तेलंगाना आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गदर ने गीतों के माध्यम से आंदोलन को प्रेरित किया, जबकि आंदेश्री ने जय जय हे तेलंगाना गीत की रचना की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



