महिला उद्यमियों का सशक्तिकरण आत्मनिर्भर तेलंगाना के लिए जरूरी : श्रीधर

हैदराबाद, तेलंगाना में महिला उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की नोडल एजेंसी वी हब द्वारा पेद्दापल्ली जिले में अपना पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया गया है। एचपी तथा जिला प्रशासन के सहयोग से स्थापित इस केंद्र का औपचारिक उद्घाटन आज राज्य के आईटी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने किया। इस उत्कृष्टता केंद्र का उद्देश्य महिला उद्यमियों को सशक्त बनाना, युवा नवाचार को बढ़ावा देना और जमीनी स्तर के उद्यमों को प्रौद्योगिकी, बाजार के अवसरों और संरचित क्षमता निर्माण सहायता तक पहुंच प्रदान करना है।

पेद्दापल्ली में महिला उद्यमिता केंद्र का उद्घाटन

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्रीधर बाबू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर महिला उद्यमियों को सशक्त बनाना तथा युवाओं को नवाचार के प्रति प्रोत्साहित करना आत्मनिर्भर तेलंगाना के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस तरह के केंद्र न केवल स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करेंगे, बल्कि जिलों के युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित भी करेंगे। इस उत्कृष्टता केंद्र से नवाचार, उद्यम निर्माण और समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह केंद्र राज्यभर में जिला स्तरीय उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए तेलंगाना सरकार की प्रतिबद्धता को बल देने वाला है।

यह भी पढ़ें… जग्तियाल जनसभा को सफल बनाने केटीआर ने नियुक्त किए प्रभारी

महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को मिलेगा बढ़ावा

वी हब की सीईओ सीता पल्लाचोला ने अवसर पर कहा कि यह केंद्र उद्यमिता प्रशिक्षण, डिजिटल कौशल विकास, व्यावसायिक मार्गदर्शन, बाजार संपर्क और नवाचार सहायता सहित संरचित कार्यक्रम प्रदान करेगा, ताकि इच्छुक उद्यमी अपने विचारों को सफल उद्यमों में परिवर्तित कर सकें। महिला नेतृत्व वाले उद्यमों, युवा नवोन्मेषकों और प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं, विनिर्माण, रचनात्मक उद्योगों और टिकाऊ लघु एवं मध्यम उद्यमों जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

श्रीधर बाबू ने आगे कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पेद्दापल्ली जिले में जीवंत उद्यमशीलता पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है, जिससे महिलाओं और युवाओं को टिकाऊ व्यवसाय स्थापित करने, आजीविका उत्पन्न करने और तेलंगाना के आर्थिक विकास में सार्थक योगदान देने में मदद मिल सके। सीता पल्लाचोला ने कहा कि यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राज्य के अन्य जिलों के लिए भी आदर्श बनेगा।

कार्यक्रम में सरकारी व्हिप व पेद्दापल्ली विधायक विजय रमणा राव, रामागुंडम विधायक मक्कान सिंह राज ठाकुर, जिला कलेक्टर कोया श्रीहर्षा व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button