डॉ. तरुण जोशी ने संभाला फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त का पद्भार
हैदराबाद, आईपीएस अधिकारी डॉ. तरुण जोशी ने फ्यूचर सिटी पुलिस आयुक्त का आज पद्भार ग्रहण किया। तुक्कुगुड़ा स्थित पुलिस आयुक्तालय में कर्मचारियों ने तरुण जोशी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। वर्ष 2004 बैच के तरुण जोशी ने पद्भार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बात की। इसके पूर्व वे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक पद पर कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि फ्यूचर सिटी एक नया आयुक्तालय है, इसीलिए उनकी पहली जिम्मेदारी आयुक्तालय के लिए आधारभूत संरचना का विकास करना है।
इसके साथ ही वे आयुक्तालय के विकास और पुलिसकर्मियों की भर्ती पर भी विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस विभाग की पहली जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए वे ड्रग्स और गांजे की तस्करी पर अंकुश लगाने और साइबर अपराध को नियंत्रित करने के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उभरते हुए आयुक्तालय में यातायात की समस्या भी बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें… फोन टैपिंग मामले की जाँच अंतिम चरण में : सी.वी. आनंद
यातायात व्यवस्था सुधारने पर रहेगा विशेष फोकस
इस कारण वे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखते हुए सड़क हादसों की रोकथाम के लिए आम जनता के साथ मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीकी विशेषकर एआई टूल्स का इस्तेमाल करते हुए अपराध पर लगाम कसने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुक्तालय की जनता को फ्रेंड्ली पुलिस मिलेगी और जनता को भी सड़क हादसों को रोकने, यातायात नियमों का पालन करने तथा अपराध को नियंत्रित करने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पुलिस को सहयोग करना होगा।
तरुण जोशी का जन्म पंजाब में हुआ और उन्होंने पटियाला के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज और अस्पताल से बीडीएस की पढ़ाई पूर्ण की और कुछ दिन डेंटिस्ट के रूप में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2004 में उन्होंने सिविल में सफलता प्राप्त कर संयुक्त आंध्र-प्रदेश कैडर आईपीएस अधिकारी चुने गए। वर्ष 2014 में उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से पुलिस मैनेजमेंट में मास्टर्स की पढ़ाई पूर्ण की और वर्ष 2019 में एलएलबी की डिग्री हासिल की। उन्होंने आदिलाबाद पुलिस अधीक्षक, सेंट्रल जोन डीसीपी, स्पेशल ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त के अलावा वरंगल पुलिस आयुक्त और एसीबी के निदेशक के रूप में भी कार्य किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



