ईगल फोर्स की बड़ी कार्रवाई, झारखंड में 500 किलो गांजा जब्त
हैदराबाद, तेलंगाना राज्य की ईगल फोर्स (खम्मम) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) रांची की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड के राउरकेला में 500 किलो गांजे से भरा ट्रक पकड़ा गया। ईगल फोर्स द्वारा बताया गया कि विश्वस्त सूत्रों द्वारा आंध्र–ओडिशा बॉर्डर (एओबी) क्षेत्र में ट्रक नंबर एचआर 73 बी 4939 में भारी मात्रा में गांजा तस्करी की सूचना दी गई।
पुलिस की रेड से बचने के लिए दीपावली पर रात में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी की सप्लाई हो रही थी। सूचना मिलने के बाद 19 अक्तूबर को ईगल के इंस्पेक्टर विजय राम कुमार और एसआई रवि प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने ओडिशा के मल्कानगिरी में 20 अक्तूबर की रात ट्रक को ट्रेस किया, जो वाराणसी की ओर बढ़ रही थी।
रूट बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश
तस्करों ने पहले तेलंगाना से गुजरने का प्लान बनाया था, लेकिन पुलिस जांच से बचने के लिए उन्होंने ट्रक को बीजू एक्सप्रेसवे के रास्ते उत्तर दिशा में मोड़ दिया, जैसे ही खम्मम टीम को पता चला, उन्होंने रूट बदलकर पीछा किया और रास्ते में आने वाले पुलिस थानों को भी सतर्क किया। हालांकि ट्रक की तेज रफ्तार के कारण बीच रास्ते में उसे पकड़ा न जा सका।

रातभर चला पीछा, झारखंड में हुई गिरफ्तारी
खम्मम की टीम ने रातभर ट्रक का पीछा किया और लगातार अपने वरिष्ठ अधिकारियों को लोकेशन भेजती रही। इसी दौरान एनसीबी रांची से टीम का समन्वय हुआ, जिसके बाद रांची-राउरकेला रोड स्थित सिमडेगा क्षेत्र में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर 10 टायर वाले टाटा ट्रक को रोका और 500 किलो गांजा बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने हरियाणा के नसीम कमरुद्दीन (30) को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़े: हैदराबाद में रेलवे पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा जब्त किया
पूछताछ में नसीम ने गांजा की खेप हरियाणा तथा वर्तमान में वाराणसी में रहने वाले मुश्ताक खान और आरिफ तक पहुंचाने का खुलासा किया, दोनों फिलहाल फरार है। ईगल टीम ने ड्रग्स की सप्लाई, परिवहन, सेवन, बिक्री से संबंधित सूचना टोल फ्री नंबर 1908 या व्हाट्सएप पर 87126 71111 पर देने की अपील की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



