कांग्रेस संविधान की धज्जियाँ उड़ाने वाली पार्टी : बंडी संजय

हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने कांग्रेस पार्टी को महिला विरोधी संविधान की धज्जियाँ उड़ाने वाली पार्टी बताया और कहा कि यदि संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर जीवित होते, तो कांग्रेस को इस देश से ही बाहर रखने का प्रावधान संविधान में कर चुके होते।

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर पलटवार करते हुए कहा कि 70 सालों तक भारत रत्न बाबा साहेब अंबेडकर को कांग्रेस ने राजनीतिक व मानसिक, भौतिक तौर पर जी भरकर प्रताड़ित किया और अब अंबेडकर के सिद्धांतों को उनकी जयंती पर ही मुख्यमंत्री ने कुचलते हुए जो विचार व्यक्त किए हैं, वह शोचनीय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध के कारण ही लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं हुआ था, कोरा झूठ है। उन्होंने कहा कि लोकसभा व विधानसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर धन, जनसंख्या से संबंध न रखते हुए देश के हर राज्य को 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का निर्णय लेने का श्रेय भाजपा को ही जाता है।

आदिलाबाद और पालमुरू पर सीट विवाद

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के कहे अनुसार अधिक आय देने वाले हैदराबाद को सबसे अधिक सीटें दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रश्न किया कि मुख्यमंत्री ने सीटों की संख्या बढ़ाने का जो उदाहरण दिया है, उसे देखा जाए तो मुख्यमंत्री जिस जिले में पले-ब़ढ़े, क्या उस पालमुरू तथा अत्यंत पिछड़ा जिला आदिलाबाद की सीटें बढ़ाने की कोई आवश्यकता नहीं है? उन्होंने पूर्व कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के आंध्र प्रदेश पुनर्गठन कानून का उदाहरण देते हुए कहा कि उस कानून के अनुसार तेलंगाना विधानसभा की 119 सीटों को बढ़ाकर 153 करने का सुझाव दिया था, क्या मुख्यमंत्री वही चाह रहे हैं?

बंडी संजय ने कांग्रेस को महिला आरक्षण विरोधी बताया और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से प्रश्न किया कि कैबिनेट में कितनी महिलाओं को स्थान दिया गया है, बताएँ? उन्होंने कहा कि लोकसभा तो दूर की बात है। कांग्रेस ने कम से कम पार्टी में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण अमल नहीं किया। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस यदि महिलाओं के प्रति कटिबद्ध रही थी, तो बताए कि 50 वर्षों के शासन में महिला आरक्षण क्यों अमल नहीं किया? उन्होंने पूछा कि केंद्र की सत्ता में तीन दशकों तक रही कांग्रेस को पूर्ण बहुमत जनता ने दिया था, फिर भी देश में महिला आरक्षण क्यों अमल नहीं किया गया?

यह भी पढ़ें… हरीश राव ने की एमएसपी दर पर किसानों से चना खरीदने की माँग

कांग्रेस पर महिला आरक्षण से डर का दावा

बंडी संजय ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पुरुष प्रधान समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने संसद में महिला आरक्षण बिल को फाड़कर लोकतंत्र का अपमान किया। उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही कांग्रेस को डर है कि इन पुरुष प्रधान राजनीतिक दलों को महिला आरक्षण से नुकसान होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में महिलाओं को अत्यधिक स्थान दिया गया है, वहीं संस्थागत रूप से भी महिलाओं को राजनीति में भापजा ने 33 प्रतिशत पद दिए हैं। इतना ही नहीं, देश की प्रथम नागरिक के तौर पर द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद से सम्मानित किया है।

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने उन पर पलायनवादी व अवसरवादी होने का आरोप लगाने पर मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि पलायनवाद व असवरवाद का प्रतिरूप खुद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हैं जो पालमुरू से मल्काजगिरी तक पलायन करते रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे (बंडी ) जीयें या मरें, हारें या जीतें, केयर ऑफ एड्रेस करीमनगर ही रहेगा। राष्ट्रवाद उनके डीएनए में है। यदि मौत भी हुई तो शव पर भगवा ही दिखेगा।

मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी में कोई अंतर नहीं है। जनता अब यह जान चुकी है। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी केसीआर की तरह अभद्र भाषा का प्रयोग कर मनमानी बयानबाजी तथा उसी तरह प्रश्न करने वालों की आवाज को दबाने की नीति अपना रहे हैं, जिसे छोड़ें और केसीआर की छाया से बाहर निकलें।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button