ठाणे स्टेशन के पास झगड़े में नाबालिग की मौत, एक घायल
ठाणे (महाराष्ट्र), महाराष्ट्र में ठाणे रेलवे स्टेशन के पास एक नाबालिग ने कथित रूप से चाकू से हमला कर एक किशोर की हत्या कर दी और एक अन्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राजकीय रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि यह वारदात पांच मई की रात को हुई, जिसके बाद कथित हमलावर को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि 16 से 18 साल के तीनों किशोर नाले के पुल के पास थे, तभी उनके बीच झगड़ा हो गया।
अधिकारियों के अनुसार एक नाबालिग ने चाकू निकाला और अपने एक दोस्त पर हमला कर दिया तथा जब तीसरे लड़के विशाल पाटेकर ने बीच-बचाव किया तो वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के अधिकारी ने बताया कि पाटेकर बेहोश हो गया और उसे ठाणे जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़े : उत्तराखंड : आदि कैलाश की यात्रा कर लौट रहे महाराष्ट्र के श्रद्धालु की मौत
अधिकारी ने बताया कि दूसरा घायल नाबालिग किसी तरह पास के इलाके में पहुंच गया, जहां लोगों ने उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अधिकारी ने बताया कि बाद में उसे और बेहतर इलाज के लिए कालवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल ले जाया गया। एक अधिकारी ने कहा, “घायल 16 वर्षीय लड़के के बयान के आधार पर ठाणे जीआरपी थाने में मामला दर्ज किया गया है। हमने कथित हमलावर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।”(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



