जीएचएमसी : सफाई समस्या की शिकायत व्हाट्सऐप पर

हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम ने सफाई एवं स्वच्छता तंत्र को मज़बूत करने के लिए नागरिक भागीदारी बढ़ाने की पहल शुरू की है। इसके लिए निगम ने एक व्हाट्सऐप नंबर सेवा शुरू की है, जिसमें नागरिक किसी भी स्थान पर सफाई स्वच्छता में लापरवाही नज़र आये तो फोटो के साथ शिकायत कर सकते हैं।

जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने बताया कि शहर में स्वच्छता सेवाओं को मजबूत बनाने और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर जीएचएमसी ने एक नागरिक-अनुकूल पहल शुरू की है। अब नगरवासी व्हाट्सऐप के माध्यम से सीधे निगम को सफाई से जुड़ी समस्याओं की सूचना दे सकते हैं। इस नई व्यवस्था के तहत नागरिकों को किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। वह अपने क्षेत्र में मौजूद स्वच्छता संबंधी समस्याओं की जानकारी आसानी से भेज सकते हैं।

आयुक्त ने बताया कि जनसामान्य सड़कों पर पड़े कचरे, भरे हुए कूड़ेदानों, न उठाए गये कचरे, गाद से भरी नालियों की सफाई (डी-सिल्टिंग) तथा पेड़ पौधों से उत्पन्न कचरे के निस्तारण जैसी समस्याओं की शिकायत व्हाट्सऐप के जरिए दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए नागरिकों को समस्या की तस्वीर और उसका स्थान 8125966586 नंबर पर भेजना होगा। इससे जीएचएमसी अधिकारियों को तुरंत सूचना मिलेगी और संबंधित स्वच्छता दल को समस्या के समाधान के लिए भेजा जाएगा।

व्हाट्सऐप से स्वच्छता शिकायत दर्ज करने की नई सुविधा

आयुक्त के अनुसार, व्हाट्सऐप आधारित यह प्रणाली नागरिकों को एक सरल, त्वरित और सुलभ मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में लोगों की भागीदारी बढ़ सके। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित स्वच्छता टीमें यथाशीघ्र कार्रवाई करेंगी। इस पहल से नागरिकों और नगर प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और शहर की स्वच्छता प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए निगम ने एक छोटा जागरूकता वीडियो भी जारी किया है, जिसमें व्हाट्सऐप के माध्यम से स्वच्छता संबंधी शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई है।

निगम आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वह शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएँ और आसपास दिखाई देने वाली स्वच्छता संबंधी समस्याओं की तुरंत सूचना दें। जनसहभागिता से ही हैदराबाद को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button