ए.पी. राजा राजेश्वरी महिला सहकारी अर्बन बैंक लिमिटेड की सभा आयोजित
हैदराबाद, महिला दक्षता समिति द्वारा संचालित सुमन जूनियर और वोकेशनल कॉलेज, वी.डी. बजाज डिग्री कॉलेज, बंसीलाल मालानी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सभागार में ए.पी. राजा राजेश्वरी महिला सहकारी अर्बन बैंक की सामान्य सभा का आयोजन आज किया गया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अवसर पर बैंक की चेयरपर्सन डॉ. सरोज बजाज ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण समाज और राष्ट्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। महिलाएँ परिवार, समाज और राष्ट्र की रीढ़ होती हैं। जब महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाता है, तो परिवार, शिक्षा और समाज सभी क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि बैंक की स्थापना वर्ष 1998 में स्व. राधा रमणय्या, शीतल नायुडू, कुसुमा कुमारी और उनके संयुक्त प्रयासों से महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के उद्देश्य से की गई थी।
पिछले 28 वर्षों में बैंक ने महिलाओं को वित्तीय सेवाएँ उपलब्ध कराने के साथ उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बैंकिंग गतिविधियाँ एवं परिस्थितियों को सुधारने और बैंकिंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 4 अगस्त, 2025 को यू. शरण कुमार की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट का गठन किया गया, जिसमें अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स शामिल हैं। इस बोर्ड के गठन के बाद बैंक के कार्यों में उल्लेखनीय सुधार और प्रगति दर्ज की गई है।
पिछले 11 माह में कारोबार में 12.33 करोड़ की वृद्धि
बैंक के वित्तीय प्रदर्शन के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 28 फरवरी, 2026 तक बैंक की कुल जमा राशि 48.41 करोड़ रुपये हो गई है, जो 31 मार्च, 2025 को 43.56 करोड़ रुपये थी। इसी प्रकार बैंक के ऋण 21.80 करोड़ रुपये से बढ़कर 29.28 करोड़ रुपये हो गए हैं। इसके अलावा पिछले 11 माह में बैंक के कुल व्यवसाय में 12.33 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। डॉ. बजाज ने बताया कि बैंक की पूँजी को मजबूत करने के उद्देश्य से अधिकृत पूँजी को 5 करोड़ से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये करने की अनुमति प्राप्त की गई है, जिसमें से 1.37 करोड़ रुपये की अतिरिक्त पूँजी पहले ही प्राप्त हो चुकी है।
वर्तमान में बैंक की चुकता पूँजी 4.52 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन केवल धन तक पहुँच का विषय नहीं है, बल्कि यह सम्मान, स्वतंत्रता और अवसर प्रदान करने का माध्यम है। जब महिलाओं को वित्तीय सेवाओं तक पहुँच मिलती है, तो परिवार मजबूत होते हैं, बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलती है और समाज तथा अर्थव्यवस्था दोनों का विकास होता है। डॉ. सरोज बजाज ने बैंक के ग्राहकों और शेयरधारकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से बैंक निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

2027 तक बैंक का कारोबार 125 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य
बैंक को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए सभी शेयरधारकों और ग्राहकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैंक भविष्य में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियामकीय मानकों का पालन करते हुए उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने बैंक के प्रबंध भी निदेशक रवि कृष्ण, कर्मचारियों, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्यों का भी विशेष रूप से धन्यवाद जताया।
बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन सरन कुमार ने डॉ. सरोज बजाज का धन्यवाद करते हुए बैंक की भावी योजनाओं और बैंकिंग व्यवसाय के डिजिटलीकरण पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में व्हाट्सऐप बैंकिंग सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही गिग वर्कर्स को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए बहुराष्ट्रीय कंपनी के साथ अर्बन क्लैप के माध्यम से टाई-अप की योजना है, जिससे छोटे ऋण लेने वाले लोगों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने शेयरधारकों को आश्वस्त किया कि आने वाले वर्षों में बैंक डिविडेंड घोषित करने के लिए प्रतिबद्ध है। 31 मार्च, 2027 तक बैंक के कुल व्यवसाय को 125 करोड़ रुपये तक पहुँचाने का लक्ष्य है।
भविष्य में नई शाखाएँ खोलने का सुझाव
वरिष्ठ प्रैक्टिसिंग चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं शेयरधारक ए.वी. रत्नम ने बैंक के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में बैंक नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। शेयरधारक एवं बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्य भवानी प्रसाद ने डॉ. सरोज बजाज और सरन कुमार के सक्षम नेतृत्व में बैंक की प्रगति पर विश्वास जताया। शेयरधारक रामकृष्ण ने बैंक की टीम को बधाई देते हुए नेतृत्व पर विश्वास जताया। साथ ही जरूरतमंद लोगों को बेहतर सेवाएँ देने के लिए बैंक की और अधिक शाखाएँ खोलने का सुझाव दिया। इसके बाद सामान्य सभा के चार एजेंडा बिंदुओं को शेयरधारकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिन्हें सभी शेयरधारकों द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।
एमडी/सीईओ रवि कृष्णा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। अवसर पर के. नंदिनी (प्रोफेश्नल डायरेक्टर), जी. लक्ष्मी, टी. नागा श्रुति (चार्टर्ड अकाउंटेंट), टी. सत्यनारायण (चार्टर्ड अकाउंटेंट), सुब्बा राम कुमार दोनेपुडी (चार्टर्ड अकाउंटेंट), ए. उदय भानु, जी. माधुरी, चंदन कुमार एस., बी. श्रीनिवास राव व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



