जीएचएमसी : अवसंरचना विकास एवं विस्तार को समर्पित रहे पाँच साल

हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम की स्थायी समिति ने अपने कार्यकाल की अंतिम बैठक में बुनियादी ढाँचे के विकास और विस्तार से संबंधित 20 प्रस्ताव पारित किये। जीएचएमसी की स्थायी समिति की बैठक सोमवार को जीएचएमसी मुख्य कार्यालय स्थित कमांड कंट्रोल रूम में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। एजेंडा में शामिल 20 प्रस्तावों को मंज़ूरी दी गयी।

इन प्रस्तावों में अलवाल के लक्ष्मीनगर में श्री लक्ष्मी कलामंदिर थिएटर के सामने बॉक्स ड्रेन निर्माण, कुकटपल्ली ज़ोन के केपीएचबी कॉलोनी के 5वें चरण में क्रिकेट प्रैक्टिस पिचों के संचालन एवं रखरखाव तथा 9वें चरण स्थित इंडोर शटल कोर्ट के संचालन एवं रखरखाव हेतु नया एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट, बालानगर फ्लाईओवर के नीचे स्थित खुले स्थान का खेल परिसर के रूप में उपयोग, नेक्सस मॉल फ्लाईओवर के नीचे खेल परिसर का संचालन एवं रखरखाव, चंदानगर सर्किल स्थित पी एंड टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बॉक्सिंग कोर्ट का निर्माण, मूसापेट एवं नाचारण में वैकुंठ धाम हिन्दू श्मशान घाट का संचालन एवं रखरखाव, सफीलगुड़ा नादिमी चेरुवु में सफाई एवं फेंसिंग, आनंद नगर से मंसूराबाद सड़क का विस्तार, सरोजिनी नगर में सड़क विस्तारीकरण के लिए संपत्तियों का अधिग्रहण, कामिनेनी जंक्शन से मंसूराबाद तक विस्तार योजना संशोधन सहित विभिन्न प्रस्ताव शामिल थे।

समिति ने कापरा में पार्क, एचएमटी नगर एवं इंदिरा नगर में मल्टीपर्पज़ फंक्शन हॉल का निर्माण तथा उप्पल से नारापल्ली तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर का बंडारी राजी रेड्डी कॉरिडोर के रूप में नामकरण के प्रस्ताव को भी मंज़ूरी दे दी।

अहमदाबाद, राजकोट अध्ययन दौरे की रिपोर्ट आयुक्त को सौंपी

महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी के नेतृत्व में हाल ही में पार्षद दल ने अहमदाबाद और राजकोट का अध्ययन दौरा किया था। महापौर ने इस अध्ययन दौरे के दौरान अहमदाबाद और राजकोट नगरपालिकाओं में श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों पर आधारित समग्र अध्ययन रिपोर्ट स्थायी समिति की बैठक समाप्त होने के बाद आयुक्त आर.वी. कर्णन को सौंपी। जीएचएमसी मेयर के रूप में पाँच वर्षों का कार्यकाल पूरा करने पर आयुक्त आर. वी. कर्णन ने महपौर विजयलक्ष्मी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। स्थायी समिति की बैठक में सदस्यों ने मेयर और आयुक्त की प्रशंसा की तथा दोनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दोनों ने उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनकर समाधान किया।

5 साल में किये गये 5117 करोड़ के कार्य

महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी के नेतृत्व में पाँच साल पूरा करने वाली निवर्तमान होने जा रही जीएचएमसी की निर्वाचित निकाय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों में दावा किया गया है कि पिछले पाँच वर्षों में अब तक 5117 करोड़ रुपये के अवसंरचना कार्य पूरे कर लिये गये हैं।

जीएचएमसी का इंजीनियरिंग विभाग से विभिन्न कार्यों के क्रियान्वयन में प्रमुख रहा है। इनमें सड़कों का निर्माण एवं रखरखाव, वर्षा जल नालों का निर्माण, नालों की गाद निकासी, कम्युनिटी हॉल, फुट ओवर ब्रिज, जंक्शन सुधार, खुले स्थानों और शमशानों के लिए कंपाउंड वॉल तथा वर्षा जल संचयन संरचनाएँ शामिल हैं। फरवरी 2021 से अब तक जीएचएमसी ने कुल 5,117.25 करोड़ की लागत से 23,287 कार्य पूरे किए हैं। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2,787.55 करोड़ के कार्यों को प्रारंभ किया गया, जिनमें से 1,092.56 करोड़ के कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

दीर्घकालिक जलभराव और शहरी बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए जीएचएमसी ने 10 स्थानों पर 11 वर्षा जल संचयन एवं भंडारण संरचनाएँ बनाई हैं, जिन पर 15.69 करोड़ खर्च किए गए। वर्षा जल नालों पर 816.21 करोड़, सड़कों पर 2,469.78 करोड़, जंक्शन विकास कार्यों पर 38.15 करोड़, फुटओवर ब्रिजों के निर्माण पर 76 करोड़ रुपये खर्च किये गये। इसी तरह शहरी जैव विविधता एवं अन्य कार्यों को भी प्रोत्साहित किया गया।

सामूहिक प्रयास से शहर के विकास में योगदान : महापौर

ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी ने कहा कि बीते पाँच वर्षों में सभी के प्रयासों से शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। कई परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। जीएचएमसी की वर्तमान स्थायी समिति की अंतिम बैठक में बैठक में सदस्यों ने महापौर विजयलक्ष्मी, आयुक्त आर. वी. कर्णन एवं अधिकारियों को धन्यवाद दिया।

अवसर पर महापौर ने कहा कि शहर के पार्षदों, अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सहयोग से पिछले पाँच वर्षों में हैदराबाद के समग्र विकास के लक्ष्य के साथ कई विकासात्मक और कल्याणकारी कार्यक्रमों को लागू किया गया है। देश की सबसे बड़ी नगर निगम संस्था जीएचएमसी की मेयर के रूप में कार्य करना उनके लिए गर्व की बात है। कार्यकाल के दौरान आयुक्त और अधिकारियों द्वारा मिला सहयोग अविस्मरणीय है।

पूरे किये जाएँगे स्थायी समिति द्वारा स्वीकृत कार्य : कर्णन

जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया गया। उन्होंने बताया कि जीएचएमसी वार्डों के पुनर्गठन को लेकर एक विशेष सत्र आयोजित कर सदस्यों की आपत्तियाँ प्राप्त की गईं। पार्षदों द्वारा उठाई गई अधिकांश जनसमस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही आश्वासन दिया कि स्थायी समिति द्वारा स्वीकृत सभी विकास कार्यों को लागू किया जाएगा। सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आयुक्त ने कृतज्ञता व्यक्त की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button