गोवा में करियर मार्गदर्शन को मजबूत करने के लिए ‘करियर जागोर’ पहल शुरू

गोवा , कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए राज्यव्यापी करियर मार्गदर्शन पहल ‘करियर जागोर’ का शुभारंभ आज पणजी स्थित कला अकादमी में किया गया। यह कार्यक्रम गोवा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जीएससीआरईटी) द्वारा आयोजित किया गया है और शिक्षा निदेशालय, उच्च शिक्षा निदेशालय, तकनीकी शिक्षा निदेशालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता निदेशालय के सहयोग से कार्यान्वित किया जा रहा है।
करियर जागोर पहल 24 अप्रैल 2026 से पूरे गोवा में लागू की जाएगी। इस पहल के तहत, लगभग 600 शिक्षकों को “करियर एंबेसडर” के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि राज्य के प्रत्येक विद्यालय तक सुनियोजित करियर मार्गदर्शन पहुंचाया जा सके। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उनकी रुचियों, क्षमताओं और तेजी से विकसित हो रही दुनिया में उभरते अवसरों के आधार पर सोच-समझकर करियर विकल्प चुनने में मदद करना है।
करियर विकल्पों की जानकारी पर जोर
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि कक्षा 10 और 12 विद्यार्थी के जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं, जहाँ समय पर और सही मार्गदर्शन का दीर्घकालिक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के मन में पहले से ही आकांक्षाएँ होती हैं, और शिक्षकों की भूमिका उन आकांक्षाओं को सही दिशा देने और उन्हें आकार देने में महत्वपूर्ण होती है।
आगे बताया कि आज की बदलती दुनिया में छात्रों के पास कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, डिजिटल मीडिया, पर्यटन नवाचार और उद्यमिता जैसे विविध क्षेत्रों में अवसर मौजूद हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक करियर में सफलता के लिए कौशल विकास, कौशल उन्नयन और निरंतर सीखना आवश्यक है।
पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए, उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे छात्रों को उनकी रुचियों और क्षमताओं के अनुरूप व्यापक अवसरों का पता लगाने में मार्गदर्शन करें। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “युवा शक्ति ही देश की शक्ति है” के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए, उन्होंने शिक्षकों से समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ करियर राजदूत के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






