ज्वेलरी शॉप से सोने की चेन लेकर उड़ गया कबूतर

नागौर, नागौर जिले से सामने आया एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियाँ बटोर रहा है। यहाँ एक कबूतर ज्वेलरी शॉप से सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया और कुछ ही देर बाद उसे अपने गले में डालकर बैठा नजर आया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरानी के साथ-साथ जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएँ भी दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यह वायरल वीडियो नागौर जिले के डेगाना कस्बे का है। डेगाना के सर्राफा बाजार में स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर रोज की तरह सोने के आभूषण तैयार किए जा रहे थे। दुकान के काउंटर पर कारीगर सोने की चेन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कबूतर उड़ता हुआ दुकान के अंदर आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही कबूतर ने काउंटर पर रखी तैयार हो रही सोने की चेन को अपनी चोंच में दबा लिया और तेजी से उड़ गया। कुछ ही पलों में वह दुकान के बाहर जाकर पास की जगह पर बैठ गया। इसके बाद जो नजारा सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।

दुकान के बाहर बैठे कबूतर ने चोंच में पकड़ी सोने की चेन को अपने गले में डाल लिया और वहीं आराम से बैठ गया। यह दृश्य देखकर दुकान संचालक, कर्मचारी और आसपास मौजूद अन्य व्यापारी कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए। दुकानदारों को पहले तो समझ ही नहीं आया कि क्या करें। सभी की नजरें कबूतर पर टिक गईं। किसी को डर था कि अगर कबूतर उड़ गया तो कीमती सोने की चेन हमेशा के लिए गायब हो सकती है। इसके बाद दुकानदारों और आसपास के व्यापारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए कबूतर पर नजर बनाए रखी और उसे डराए बिना चेन वापस लेने की कोशिश शुरू की। काफी देर की मशक्कत के बाद कबूतर ने आखिरकार सोने की चेन वहीं नीचे गिरा दी और उड़ गया। चेन के सुरक्षित नीचे गिरते ही व्यापारियों ने राहत की सांस ली।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button