राज्यपाल ने दिया एनसीसी में छात्रों की अधिक भागीदारी पर बल
हैदराबाद, तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने आज लोक भवन में आयोजित विशेष समारोह में नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड 2026 में तेलंगाना का प्रतिनिधित्व करने वाले राष्ट्रीय कैडेट कोर अधिकारियों और कैडेटों को सम्मानित किया। अवसर पर उन्होंने एनसीसी में छात्रों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यपाल ने युवाओं के मन को आकार देने में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की भूमिका की सराहना करते हुए युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करने में इसके योगदान की प्रशंसा की।


राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण शिविर कैडेटों को कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए आवश्यक गुणों से लैस करते हैं।
जिष्णु देव वर्मा ने कैडेटों को संबोधित करते हुए नेतृत्व, साहस, आत्मविश्वास और अनुशासन को बढ़ावा देने में एनसीसी के महत्व तथा भूमिका पर भी विशेष रूप से बल दिया। साथ ही उन्होंने शिक्षण संस्थानों से एनसीसी में छात्रों की अधिक भागीदारी को सक्रिय रूप से प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने वरिष्ठ एनसीसी अधिकारियों और दल के सदस्यों को उनकी उपलब्धियों के सम्मान में स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अवसर पर एनसीसी तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के उप महानिदेशक एन. सैलानी, लोक भवन के अधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



