हैदराबाद में लू और गर्मी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी
हैदराबाद, सामान्य स्तर से अधिक तापमान दर्ज होने की संभावना के मद्देनज़र ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम ने शहर के नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य संरक्षण और सामुदायिक स्तर की तैयारी पर जोर दिया।
लू के प्रभाव को कम करने हेतु सुझाव दिया गया कि शरीर के तापमान संतुलित रखें और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए नियमित रूप से पानी पिएँ, भले ही प्यास न लगे। नारियल पानी, नींबू पानी, मड्डा (छांछ), ओआरएस घोल का सेवन निरंतर करते रहें। हल्के, ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
बाहर जाते समय टोपी या छाता इस्तेमाल करें। तरबूज, खीरा जैसे अधिक पानी वाले खाद्य पदार्थ खाएँ। अधिक प्रोटीन, शराब, कॉफी और चाय का सेवन कम करें। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर के काम कम करें।
जीएचएमसी के स्वास्थ्य विभाग द्वारा कहा गया कि घर के अंदर तापमान कम करने के लिए पहले से तैयारी जरूरी है। छत पर सफेद पेंट करें, खिड़कियों पर परदे या सनशेड लगाएँ, रात के समय खिड़कियाँ खोलकर हवा का संचार बनाए रखें, घर में ओआरएस, थर्मामीटर, पानी की बोतलें और गीले कपड़े जैसे आपातकालीन सामान तैयार रखें।
अधिक पसीना, चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी हो, तो व्यक्ति को ठंडी जगह पर ले जाएँ, कपड़े ढीले करें, गीले कपड़े रखें, पानी पिलाएँ। लू लगने से अधिक शरीर का तापमान बढ़ जाता है और त्वचा लाल या सूखी हो जाती है। यदि स्थिति गंभीर हो, तो तत्काल अस्पातल जाएँ। सामुदायिक स्तर पर बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और पालतू जानवरों पर विशेष ध्यान देने तथा लू के दौरान बच्चों या पालतू जानवरों को किसी भी स्थिति में पार्क किए गए वाहन में न छोड़ने का सुझाव दिया गया। इससे जानलेवा स्थिति पैदा हो सकती है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





