तेलंगाना में हीटवेव अलर्ट, कई जिलों में 45°C तक तापमान
हैदराबाद, तेलंगाना में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप शुरू हो गया है। राज्य के कई जिलों में अगले सात दिनों तक तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आदिलाबाद, आसिफाबाद, निर्मल, निजामाबाद, जगित्याल, मंचेरियल, करीमनगर, भूपालपल्ली, मुलुगु, नलगोंडा, सूर्यापेट और गडवाल जिलों में तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं राजधानी हैदराबाद में भी अगले सात दिनों तक लगातार 40-42 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है।
राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है, जिससे लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की अपील की गई है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की भीषण गर्मी से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



