शुभेंदु के नेतृत्व में बंगाल में नए दौर की उम्मीद : भाजपा नेता
रांची, झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में राज्य में सुशासन और विकास का एक नया युग शुरू होगा। झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अधिकारी को सफल और विकासोन्मुखी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मरांडी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सुशासन, सुरक्षा, निवेश, रोजगार और सांस्कृतिक गौरव के एक नए युग की ओर अग्रसर होगा।’’ शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके बाद पार्टी के विधायक दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुडू और निशीथ प्रामाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली।
यह भी पढ़े : शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण से बंगाल में भाजपा का नया दौर
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। राज्यपाल आरएन रवि ने “जय श्री राम” के नारों, ढोल की थाप और लहराते भगवा झंडों के बीच अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सुशासन, विकास और प्रगति में नए मानदंड स्थापित करेगा।’’ (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



