शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण से बंगाल में भाजपा का नया दौर

कोलकाता, शुभेंदु अधिकारी शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। कोलकाता के मध्य भाग में स्थित इस विशाल मैदान को भाजपा के इस ऐतिहासिक समारोह के लिए विशेष रूप से सजाया गया है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया अध्याय शुरू करते हुए भाजपा ने पहली बार राज्य में सत्ता हासिल की है। पार्टी ने 294-सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर 15 वर्षों से शासन कर रही अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया, जो सिमटकर केवल 80 सीटों पर रह गई।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यभर से हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
बंगाल सरकार में क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश कर रही
पार्टी नेताओं के अनुसार, अधिकारी के साथ कई नवनिर्वाचित भाजपा विधायक भी बंगाल की पहली भाजपा मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं। हालांकि, मंत्रियों की अंतिम सूची की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन उत्तर बंगाल, जंगलमहल, मतुआ बहुल इलाकों और आदिवासी क्षेत्रों के नेताओं को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है। भाजपा अपनी पहली बंगाल सरकार में क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश कर रही है।
भाजपा के लिए यह शपथ ग्रहण समारोह केवल संवैधानिक औपचारिकता नहीं है। पार्टी इसे बंगाल में एक दशक लंबे राजनीतिक विस्तार की परिणति के रूप में पेश करना चाहती है। बंगाल लंबे समय तक भाजपा के लिए सबसे कठिन राजनीतिक क्षेत्रों में से एक माना जाता रहा था।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड का राजनीतिक महत्व बेहद खास है। यह मैदान कभी वाम दलों की शक्ति प्रदर्शन का गढ़ हुआ करता था और बाद में वामपंथ विरोधी तथा भाजपा विरोधी आंदोलनों का केंद्र भी बना। अब पहली बार यहां भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण होने जा रहा है।
समारोह के बाद अधिकारी की पहली कैबिनेट बैठक भी हो सकती है
भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी इस आयोजन के जरिये केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राज्य में ‘‘नए राजनीतिक युग’’ की शुरुआत का संदेश देना चाहती है। अधिकारी के लिए शनिवार का दिन एक लंबी राजनीतिक यात्रा का अहम पड़ाव है। उन्होंने जमीनी स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में राजनीति शुरू की थी, फिर वह तृणमूल के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हुए और बाद में ममता बनर्जी के प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बनकर उभरे।
कभी ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी और ग्रामीण बंगाल में तृणमूल के विस्तार के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले अधिकारी ने 2020 में मतभेदों के चलते भाजपा का दामन थाम लिया और जल्द ही राज्य में भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा बन गए। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराने के बाद ही वह बंगाल की राजनीति के केंद्रीय नेता बन चुके थे। अब भाजपा की इस बड़ी जीत ने उन्हें राज्य की राजनीति को नया स्वरूप देने के प्रयासों के केंद्र में ला खड़ा किया है।
पूर्व मेदिनीपुर जिले से आने वाले अधिकारी पिछले पांच दशकों में बंगाल के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, जो कोलकाता के पारंपरिक राजनीतिक केंद्र से नहीं, बल्कि राज्य के किसी जिले से उभरे हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले बंगाल के आखिरी मुख्यमंत्री अजय मुखर्जी थे, जो 1970 में मुख्यमंत्री बने थे। संयोग से वह भी अविभाजित मेदिनीपुर क्षेत्र से ही थे, जिसे लंबे समय से बंगाल की राजनीति का प्रभावशाली क्षेत्र माना जाता है।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड और शहर की प्रमुख सड़कों पर हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भाजपा नेताओं ने बताया कि कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, सांस्कृतिक हस्तियों और सभी जिलों से पार्टी कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। समारोह के बाद अधिकारी की पहली कैबिनेट बैठक भी हो सकती है, जिसमें नयी सरकार अपनी शुरुआती प्रशासनिक प्राथमिकताओं की रूपरेखा तय कर सकती है और भाजपा के प्रमुख चुनावी वादों के क्रियान्वयन की समीक्षा कर सकती है।
शुभेंदु अधिकारी ने पोस्ट में बताया ‘सोनार बांग्ला’ युग की शुरुआत, डबल इंजन सरकार को बताया विकास का नया अध्याय
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर राजनीतिक बदलाव को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘खुशियों के शहर’ में स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षण अत्यंत गौरव और खुशी का है।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण हो रहा है, जो उनके अनुसार संस्थापकों के सपनों को साकार करने जैसा है। उन्होंने दावा किया कि यह दिन दशकों के कथित कुशासन के अंत और विकास, शांति एवं समृद्धि के ‘डबल इंजन’ युग की शुरुआत का प्रतीक है।
शुभेंदु अधिकारी ने ‘सोनार बांग्ला’ के नए युग के आधिकारिक शुभारंभ की बात कहते हुए प्रधानमंत्री का स्वागत किया और इसे राज्य के लिए एक नए राजनीतिक और विकासात्मक अध्याय की शुरुआत बताया। (भाषा)
यह भी पढ़े– कमल हासन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की मुलाकात
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



