होसबाले का प्रवासियों से संदेश, जिस देश में रहें वफादार रहें

Ad

वाशिंगटन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि विदेशों में बसे भारतीय प्रवासियों को उस देश के प्रति पूरी तरह वफादार रहना चाहिए जहां वर्तमान में वे रह रहे हैं। होसबाले ने कहा कि विदेशों में बसे भारतीय न सिर्फ अपने वर्तमान देश का बेहतर नागरिक बनने का प्रयास करें बल्कि यह भी सिद्ध करें कि हिंदू समाज स्थानीय जीवन के हर क्षेत्र में-चाहे वह नेतृत्व हो, समाजसेवा हो या कोई और दायित्व-सार्थक योगदान देने में सक्षम है।

अमेरिका की यात्रा पर आए होसबाले ने कहा कि यहां उनकी बातचीत का केंद्र मुख्यतः संघ के बारे में फैली भ्रांतियों को दूर करना रहा। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से संघ के विरुद्ध जारी दुष्प्रचार के कारण अमेरिकियों के मन में इस सौ साल पुराने संगठन की एक विकृत छवि बन गई है।

होसबाले ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इन तमाम वर्षों में संघ इस विश्वास के साथ चुपचाप काम करता रहा कि हमारा काम ही हमारा संदेश है। लेकिन अब हमने सोचा कि लोगों तक सीधे पहुंचना बेहतर होगा। हमारा संदेश अब कार्यों से ही नहीं बल्कि हमारी कथनी से भी लोगों तक पहुंचना चाहिए।’’

होसबाले ने सामाजिक जिम्मेदारी पर दिया जोर

होसबाले पिछले हफ्ते ब्रिटेन के दौरे के बाद अमेरिका पहुंचे। ब्रिटेन में उन्होंने शैक्षणिक जगत, विचारकों, नीति विशेषज्ञों और भारतीय प्रवासी समुदाय के विभिन्न वर्गों से मुलाकात की। यह सब संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे संपर्क अभियान का हिस्सा है।

संघ के सरकार्यवाह ने कहा कि संगठन के बारे में, खासतौर पर पश्चिमी देशों में कई भ्रांतियां फैली हुई हैं, जहां संघ को हिंदू वर्चस्ववादी संगठन के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुष्प्रचार दशकों से चला आ रहा है कि संघ हिंदू वर्चस्ववादी है, अल्पसंख्यक विरोधी है, महिला विरोधी है- ऐसी तमाम भ्रांतियां फैलाई गई हैं।’’ उन्होंने बताया कि अमेरिका यात्रा का मकसद इन्हीं भ्रांतियों को दूर करना है।

शताब्दी वर्ष में संघ के सामने एक अहम जिम्मेदारी यह भी है कि भारत और हिंदू संस्कृति के बारे में फैली भ्रांतियों को दूर किया जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि संघ किन मूल्यों के लिए खड़ा है। होसबाले ने कहा, ‘‘भारत और हिंदू संस्कृति के बारे में जो आख्यान गढ़ा गया है, वह दशकों से-देश के भीतर भी और बाहर भी-विकृत रहा है। इसे सुधारना जरूरी है।’’

हिंदू समाज हर क्षेत्र में योगदान और नेतृत्व देने में सक्षम

‘‘संघ की पृष्ठभूमि से नहीं आने वाले भी बड़ी संख्या में लोग भारत और हिंदू संस्कृति की सही तस्वीर पेश करने में जुटे हैं। समाज में इन्हीं बातों को फैलाने की जरूरत है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां संघ और अधिक ध्यान देना चाहता है।’’ अमेरिका में बसे भारतीय प्रवासियों को होसबाले ने संदेश दिया कि वे अच्छे नागरिक बनें, मेहनत से स्थानीय लोगों का दिल जीतें और यह साबित करें कि हिंदू समाज हर क्षेत्र में योगदान और नेतृत्व देने में सक्षम है।

‘‘संघ का मानना है कि जो भारतीय यहां अपना करियर बनाने आए हैं- चाहे शैक्षणिक क्षेत्र में हो या किसी और में, उन्हें इस देश के प्रति वफादार रहना चाहिए क्योंकि यहीं से उनकी रोजी-रोटी चलती है। उन्हें यहां बेहतर नागरिक बनना चाहिए और यह दिखाना चाहिए कि हिंदू जहां भी जाते हैं, वहां के समाज में योगदान देते हैं – नेतृत्व करते हैं और उस देश के राष्ट्र-निर्माण में भागीदार बनते हैं।’’ (भाषा )

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button