हैदराबाद : बाढ़ जल तालाबों तक पहुँचाने जोड़े जा रहे नाले
हैदराबाद, कोंडापुर एवं माधापुर में विभिन्न स्थानों पर बारिश का पानी जमा होने से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए बाढ़ के पानी को सीधे तालाब तक पहुंचाने और तालाब भरने पर उसे दूसरे नालों से मोड़ने के उद्देश्य से नालों को जोड़ने के लिए सीएमसी और हैद्रा व्यापक योजना पर कार्य कर रहे हैं।
हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ और सीएमसी आयुक्त सृजना ने तुम्मिडीकुंटा तालाब के प्रवेश करने वाले नालों का निरीक्षण किया तथा उनमें बाढ़ नहरों को जोड़ने की व्यवहार्यता की जांच की। हैद्रा और सीएमसी आयुक्तों ने बाढ़ का पानी सीधे तालाबों में पहुंचाने के लिए फीडर चैनलों के माध्यम से बाढ़ के पानी को मोड़ने के कार्यों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में सोमवार को माधापुर स्थित सुन्नम चेरुवु और तुम्मिड़ीकुंटा क्षेत्र का उन्होंने निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें… मुख्य सूचना आयुक्त ने की राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से भेंट
छोटे नालों को बड़े नालों से जोड़ने पर हुई चर्चा
सुन्नम चेरुवु के पास स्थित बोराबंडा बस्ती और एनआरआर पुरम से आने वाले बाढ़ के पानी को नालों के माध्यम से सीधे तालाब में पहुंचाने के उपायों की जमीनी स्तर पर समीक्षा की गई। इन नालों को बड़े नालों से जोड़ने के विषय पर भी चर्चा की गई। साथ ही मल जल को मोड़ने के कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। तालाबों के भरने के बाद पानी के बहाव के लिए नालों को आगे के नेटवर्क से जोड़ने पर भी विचार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश होने पर कोंडापुर और आईटी हब से आने वाले बाढ़ के पानी से शिल्पारामम् और मेटल चारमीनार क्षेत्र जलमग्न हो जाते हैं। इस बाढ़ के पानी को सीधे तुम्मिड़ीकुंटा में पहुंचाने की व्यवस्था तैयार की जा रही है।अधिकारियों को निर्देश दिए गये हैं कि ऊपरी क्षेत्रों से आने वाला बाढ़ का पानी सीधे तालाब तक पहुंचे, इसके लिए नालों का उचित कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए एसएनडीपी परियोजना के तहत नालों का विकास करने का सुझाव भी दिया गया। दोनों अधिकारियों ने माधापुर-बोराबंडा मार्ग पर हाईटेंशन तारों के नीचे से गुजरने वाली सड़क के विस्तार के मुद्दे की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि तालाब पुनरुद्धार कार्यों के कारण पिछले वर्ष वर्षा ऋतु में बाढ़ का पानी सीधे तुम्मिड़ीकुंटा तक पहुंचा था और अब नालों के बेहतर कनेक्शन से इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है। तुम्मिड़ीकुंटा और सुन्नम चेरुवु में अतिक्रमण हटाने और उनके विस्तार से संबंधित विषयों पर भी अधिकारियों ने चर्चा की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



