हैदराबाद : कलयुगी माँ ने दो माह के शिशु को जिंदा जलाया
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र मेड़चल ज़िले के दुंडिगल थाना परिधि में कलयुगी माँ ने अपने दो माह के शिशु की जिन्दा जलाकर हत्या कर दी। शिशु का कसूर सिर्फ इतना ही था कि वह रात के समय अधिक रो रहा था। शिशु के रोने को बर्दाश्त न कर उसकी माँ ने उसकी आवाज को हमेशा के लिए शांत कर दिया।
आम तौर पर बच्चों को छोटी सी भी चोट लग जाती है, तो माँ का कलेजा पसीज जाता है, लेकिन इस घटना में पत्थर दिल कलेजे की माँ को अपने नवजात शिशु को जिन्दा जलाने से जरा भी संकोच नहीं हुआ। जलते हुए लकड़ी के चूल्हे में शिशु को डालने से पहले महिला ने उसके दोनों हाथ-पैर बाँध दिए और उसकी आवाज बंद करने के लिए उसके मुँह में कपड़ा ठूँस दिया।
यह भी पढ़ें… सिद्दिपेट : मेडिकल छात्रा ने लगा ली फाँसी
मध्यप्रदेश से आए परिवार की हैदराबाद में अस्थाई नौकरी
पुलिस के अनुसार, मूलत मध्य-प्रदेश निवासी राजेन्द्र अपनी पत्नी ममता के साथ कुछ माह पूर्व रोजगार की तलाश में हैदराबाद आ गया था। थाना परिधि के बौरमपेट स्थित सनारेल्ली अपार्टमेंट के निर्माण कार्य में मजदूरी करते हुए अस्थाई रूप से अपार्टमेंट परिसर में ही रह रहा था। ममता का दो माह का शिशु कुछ दिन से अधिक रो रहा था। इस कारण वह परेशान रहने लगी थी। कल रात भी शिशु के रोने के कारण ममता परेशान हो गई। मंगलवार सुबह उसने खाना बनाने के लिए लकड़ी का चूल्हा जलाया। इस दौरान भी उसका शिशु रो रहा था।
शिशु के लगातार रोने के कारण क्षणिक आवेश में आकर ममता ने रोते हुए शिशु के दोनों हाथ-पैर बाँध दिए और उसकी आवाज बंद करने के लिए उसके मुँह में कपड़ा ठूँस दिया और शिशु को जलते हुए चूल्हे में डाल दिया। शिशु जीवित जल गया। राजेन्दर की शिकायत पर मौके पर पहुँची पुलिस ने चूल्हे से शिशु का शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए गांधी अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया। पुलिस ममता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



