हैदराबाद : हत्या के प्रयास के मामले में राउडी शीटर स्टीफन गिरफ्तार
हैदराबाद, सिकंदराबाद ज़ोन की मुशीराबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में राउडी शीटर कोक्कू स्टीफन उर्फ कोक्कू डेविड स्टीफन उर्फ स्टीफन (23) को गिरफ़्तार कर लिया। सिकंदराबाद ज़ोन की पुलिस उपायुक्त रक्षिता कृष्णमूर्ति ने बताया कि डेलिवरी बॉय के रूप में कार्यरत तथा बाकाराम (मुशीराबाद) के रहने वाले स्टीफन ने रविवार को एक मामले में समझौता करवाने के लिए शिकायतकर्ता सूर्या अनिल को मदर मेरी स्कूल, पारसीगुट्टा बुलाया था।
बातचीत के दौरान स्टीफन ने सूर्या पर ब्लेड और लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में सूर्या अनिल के गर्दन और कंधों पर गहरी चोट लग गई। वह अपने आपको जैसे-तैसे बचाकर फरार हो गया। अशोकनगर, पारसीगुट्टा निवासी डेलिवरी बॉय सूर्या अनिल की शिकायत पर मुशीराबाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 109, 3(5) के तहत मामले दर्ज किए। मुशीराबाद पुलिस ने जाँच-पड़ताल करने के बाद राउडी शीटर स्टीफन को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता की चार से पाँच वर्ष पूर्व जन्मदिन की दावत पर राउडी शीटर स्टीफन से मुलाकात हुई थी।
यह भी पढ़ें… भारी मात्रा में एनडीपीएल शराब की बोतलों समेत कार जब्त
इसके बाद वह अक्सर उससे मुलाकात करता था। 24 मार्च, 2024 को किसी बात को लेकर शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों ने स्टीफन की माँ के साथ झगड़ा किया था और बीयर बोतल से उस पर हमला कर दिया था। इस दौरान स्टीफन जेल में था। जेल से लौटने के बाद स्टीफन इस घटना को लेकर सूर्या अनिल से बदला लेने की ताक में था। इस घटना को लेकर ही समझौता करने के लिए अनिल को बुलाकर स्टीफन ने उस पर हमला कर दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



