हैदराबाद में आईएचसीएल ने लॉन्च किया जिंजर होटल
हैदराबाद, इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) ने हैदराबाद में जिंजर ब्रांड की शुरुआत करते हुए आज शमशाबाद में एयरपोर्ट रोड पर नए होटल का उद्घाटन किया। कंपनी की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट दीपिका राव ने उद्घाटन अवसर पर मीडिया से बातचीत में कहा कि हैदराबाद देश के प्रमुख हॉस्पिटैलिटी बाजारों में से एक है, जहाँ वित्तीय सेवाओं, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, मेडिकल टूरिज्म और शिक्षा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्राहक आते हैं। उन्होंने बताया कि जिंजर का यह होटल मिड-स्केल सेगमेंट में आधुनिक और किफायती सेवाएँ प्रदान करेगा।
दीपिका राव ने बताया कि 118 कमरों वाले जिंजर में लॉन व्यू वाले कमरे, क्यूमिन डाइनिंग रेस्टोरेंट, फिटनेस सेंटर, बैठकों तथा सामाजिक आयोजनों के लिए बैंक्वेट सुविधाएँ उपलब्ध हैं। निमंत्रण कैटरिंग के प्रबंध निदेशक प्रताप जड़ेजा ने कहा कि आईएचसीएल के साथ साझेदारी के जरिए शहर में बढ़ते बिजनेस ग्राहकों को आधुनिक हॉस्पिटैलिटी सेवाएँ मिलेंगी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद आईटी, फार्मा, मैन्युफैक्चरिंग और बिजनेस सेवाओं का प्रमुख केंद्र होने के कारण होटल उद्योग के लिए तेजी से उभरता बाजार है। इन परीस्थितियों में बढ़ती ज़रूरतों को पूरा करने में यह होटल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आईएचसीएल का वैश्विक होटल नेटवर्क
उल्लेखनीय है कि आईएचसीएल और उसकी सहयोगी कंपनियों के अंतर्गत ताज होटल्स सहित कई प्रमुख ब्रांड शामिल हैं, जो लक्ज़री से लेकर मिड-स्केल सेगमेंट तक सेवाएँ प्रदान करते हैं। टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी टाटा द्वारा स्थापित यह कंपनी 4 महाद्वीपों, 14 देशों और 250 से अधिक स्थानों पर उपस्थिति रखती है।
इस परियोजना के साझेदार निमंत्रण कैटरर्स की स्थापना 32 वर्ष पहले हैदराबाद में प्रताप जडेजा द्वारा की गई है। आज यह दक्षिण भारत की अग्रणी शाकाहारी कैटरिंग कंपनियों में से एक बन चुकी है। वर्तमान में यह हैदराबाद में होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट और कैटरिंग सेवाओं का सफल संचालन कर रही है। प्रताप जड़ेजा ने बताया कि क्लार्क इन सूट्स हैदराबाद आज से जिंजर होटल के रूप में संचालित होगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



