एसबीआई के स्थानीय प्रधान कार्यालय में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
हैदराबाद, भारतीय स्टेट बैंक के कोठी स्थित स्थानीय प्रधान कार्यालय में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हैदराबाद मंडल के मुख्य महाप्रबंधक एस. राधाकृष्णन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने अपने संबोधन में अभाव से आत्मनिर्भरता तक भारत की उल्लेखनीय यात्रा पर विचार रखे।
एस. राधाकृष्णन ने राशन की लाइनों में खड़े रहने, विदेशी सहायता पर निर्भर रहने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए गेहूँ आयात करने से जुड़ी यादों को साझा करते हुए कहा कि अब हम उस मुकाम पर पहुँच गए हैं, जहाँ देश खाद्यान्न निर्यात कर रहा है और आर्थिक लचीलापन हासिल कर रहा है।
एस. राधाकृष्णन ने राष्ट्र निर्माण में नागरिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए भारतीय स्टेट बैंक को इसमें प्रभावशाली बताया। उन्होंने कहा कि उद्योग और सेवाओं से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा तक एसबीआई भारत के विकास की आधारशिला रहा है। उन्होंने कहा कि गर्व का विषय है कि एसबीआई दुनिया का सबसे बड़ा वाणिज्यिक बैंक, उल्लेखनीय मुनाफा कमाने वाली कंपनी और दुनिया भर में सबसे भरोसेमंद ब्रांडों में एक है।
तेलंगाना में एसबीआई की बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने का संकल्प
एस. राधाकृष्णन ने तेलंगाना में एसबीआई के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष प्रत्येक जिले में बाजार हिस्सेदारी 1 प्रतिशत बढ़ाने की प्रतिबद्धता की घोषणा की। उन्होंने सभी प्रमुखों, मुख्य महाप्रबंधकों, महाप्रबंधकों, बीजीएम, सहायक महाप्रबंधकों और कर्मचारी संघों से इस मिशन में एकजुट होकर एसबीआई के समावेशी बैंकिंग सिद्धांतों को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
एस. राधाकृष्णन ने पहलगाम आतंकी हमले के भावनात्मक प्रभाव का उल्लेख करते हुए सभी को साझा मानवता, सहकर्मियों व ग्राहकों सहित साथी नागरिकों की रक्षा और सहायता करने के कर्तव्य की याद दिलाई। उन्होंने अधीनस्थों का आभार व्यक्त करने, दैनिक व्यवहार में सम्मान, गरिमा और दयालुता के महत्व पर बल दिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में बैंक कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ गीत-संगीत तथा नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
यह भी पढ़े: अग्रवाल समाज सिकंदराबाद नॉर्थ शाखा का जन्माष्टमी महोत्सव संपन्न
अवसर पर खेल, नृत्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और उनके बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसबीआई लेडीज क्लब की अध्यक्ष शेनबागा देवी, महाप्रबंधक एनडब्ल्यू-1 रवि कुमार वर्मा, महाप्रबंधक एनडब्ल्यू-2 सतीश कुमार, उप महाप्रबंधक, वरिष्ठ प्रबंधन अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन सहित अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



