टी20 में भारत का कमाल, विजडन में सम्मान
लंदन, भारतीय क्रिकेटरों ने विजडन अल्मनैक 2026 पुरस्कारों में अपना दबदबा बनाते हुए नौ में से सात पुरस्कार अपने नाम किए, जिसमें दीप्ति शर्मा को वर्ष की महिला क्रिकेटर और अभिषेक शर्मा को वर्ष का टी20 क्रिकेटर चुना गया।। शुभमन गिल, मोहम्मद सिराज, ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा को पिछले साल इंग्लैंड में हुई टेस्ट श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने के कारण विजडन के वर्ष के पांच क्रिकेटरों में शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेटरों के अलावा जिन अन्य देशों के खिलाड़ियों को पुरस्कार के लिए चुना गया उनमें ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क शामिल हैं, जिन्हें विश्व का सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर चुना गया। उनके अलावा इंग्लैंड के बल्लेबाज हसीब हमीद थे को भी चार भारतीय खिलाड़ियों के साथ वर्ष के पांच सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में भी शामिल किया गया।
विजडन सम्मान में भारतीय क्रिकेटरों का शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियां
दीप्ति को यह सम्मान पिछले साल आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में 22 विकेट लेने के लिए दिया गया। इस ऑलराउंडर के शानदार प्रदर्शन से भारतीय महिला टीम ने मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपना पहला वैश्विक खिताब जीता था। दीप्ति ने नौ मैचों में तीन अर्धशतकों की मदद से 215 रन भी बनाए थे।
अभिषेक ने 2025 के सत्र में शानदार प्रदर्शन किया। इस सत्र में उन्होंने 21 मैचों में 193 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 859 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। पिछले साल टेस्ट श्रृंखला के लिए इंग्लैंड के दौरे के दौरान भारतीय टेस्ट कप्तान गिल ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 754 रन बनाए और पांच मैचों की श्रृंखला को 2-2 से ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई। गौरतलब है कि उन्होंने अकेले एजबेस्टन टेस्ट में 430 रन बनाए।
यह भी पढ़े : सीएबी ने जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स को बंगाल प्रो टी20 लीग का साझेदार बनाया
तेज गेंदबाज सिराज ने एंडरसन-तेंडुलकर ट्रॉफी के लिए खेली गई इस श्रृंखला में सबसे अधिक 23 विकेट लिए जबकि पंत ने चौथे टेस्ट में लगी चोट के कारण पांचवें मैच से बाहर बैठने से पहले 479 रन बनाए थे। मैनचेस्टर में दूसरी पारी में पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर होने के बावजूद उन्होंने 54 रन बनाए। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



