राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने किया अंबेडकर के योगदान का स्मरण

हैदराबाद, तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला तथा मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने संविधान के निर्माता डॉ.बी.आर. अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों तथा योगदान को याद किया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन विपरीत परिस्थितियों पर मानवीय भावना की विजय का ज्वलंत उदाहरण है।

एक दूरदर्शी समाज सुधारक और प्रख्यात न्यायविद् के रूप में उन्होंने अपना जीवन न्याय, समानता तथा हाशिये पर पड़े लोगों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित कर दिया। उनकी विरासत वंचितों और दलितों के अधिकारों की रक्षा के लिए सशक्त माध्यम है। राज्यपाल ने कहा डॉ. अंबेडकर जयंती प्रत्येक नागरिक के लिए संविधान के आदर्शों और दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करने का अवसर है। उन्होंने अपने संदेश में जनता से संवैधानिक मूल्यों को कायम रखने और राष्ट्र के गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का आह्वान किया, ताकि सभी के लिए न्यायपूर्ण और समावेशी समाज सुनिश्चित हो सके।

यह भी पढ़ें… आशा भोसले के निधन पर सीएम रेवंत रेड्डी , राज्यपाल ने जताया शोक

अंबेडकर को श्रद्धांजलि, सीएम ने किया योगदान का उल्लेख

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने डॉ.अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दलितों, आदिवासियों, कमजोर वर्गों तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए उनके प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दलितों के अधिकारों के लिए अंबेडकर का संघर्ष पूरे विश्व के लिए आदर्श है। डॉ. अंबेडकर ने दूरदर्शिता के साथ देश के भविष्य की कल्पना करते हुए संविधान का निर्माण किया। वे आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव आदर्श तथा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबासाहेब के विचारों से प्रेरित जन सरकार ने अनुसूचित जाति उप-जातियों का वर्गीकरण और अनुसूचित जनजाति आरक्षण में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति उप-योजना के कार्यान्वयन के साथ-साथ सरकार राज्य में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दलित और आदिवासी समुदायों के कल्याण को प्राथमिकता दे रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button