हैदराबाद, राज्यसभा सांसद रेणुका चौधरी, तेलंगाना महिला एवं बाल कल्याण मंत्री सीताक्का तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री कोंडा सुरेखा द्वारा आज नागरिकों तथा पशुप्रेमियों से कुत्तों को खरीदने के स्थान पर देशी मूल के पिल्लों को दत्तक लेकर अपने घर का सदस्य बनाने की अपील की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वेलेंटाइन डे के अवसर पर ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) द्वारा बंजारा हिल्स के केबीआर पार्क में इंडी पपीज एडॉप्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अवसर पर मंत्रियों सीताक्का और कोंडा सुरेखा ने सांसद रेणुका चौधरी के साथ मिलकर नागरिकों से ‘हीरो बनें, गोद लें, खरीदें नहीं’ का आह्वान करते हुए शहरवासियों से आगे आकर भारतीय मूल के (इंडी) पिल्लों को गोद लेने की अपील की, ताकि उन्हें सुरक्षित और स्नेहपूर्ण आश्रय मिल सके।
इंडी पपीज एडॉप्शन कार्यक्रम का उद्देश्य पालतू जानवरों के प्रति जिम्मेदार स्वामित्व को बढ़ावा देना और गोद लेने के माध्यम से सड़कों पर आवारा कुत्तों की संख्या को कम करना है। अवसर पर मंत्रियों तथा सांसद सहित अन्य गणमान्यों ने आयोजन में जीएचएमसी की इस पहल की सराहना करते सुझाव दिया कि इसी तरह के शिविरों का आयोजन अधिक बार किया जाना चाहिए।
50 में से 30 इंडी पिल्लों को मिला नया घर
गणमान्यों ने कहा कि देशी पिल्लों को गोद लेने से न केवल उन्हें आश्रय मिलेगा बल्कि मनुष्य और पशु के बीच का बंधन भी मजबूत होगा। उन्होंने पिल्लों को गोद लेने वाले नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा कि वे उन्हें परिवार के सदस्य और मित्र की तरह मानते हुए प्रेम दें और उनके समुचित टीकाकरण पर ध्यान देते हुए उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
यह भी पढ़े: दिव्य ज्योति जागृति संस्थान ने आयोजित किया नशा जागरूकता कार्यक्रम
कार्यक्रम में लगभग पचास स्वस्थ तथा टीकाकरण किए गए देशी पिल्लों को दत्तक लेने के लिए रखा गया था। इनमें से तीस पिल्लों को उनके घर मिले। अवसर पर बड़ी संख्या में पशुप्रेमी उपस्थित हुए। कार्यक्रम में खैरताबाद जोनल कमिश्नर प्रियंका सहित अन्य अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।
