ड्रग्स मामले की जाँच तेज हो : बंडी संजय

हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सरकार से माँग करते हुए कहा कि राज्य में दिन ब दिन ड्रग्स के फल फूल रहे व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए आईपीएस अधिकारी अकुन सभरवाल जैसे अधिकारी को फिर से नियुक्त करके जाँच तेज की जाए और पूर्व केसीआर शासन के तत्कालीन चीफ सेक्रेटरी रहे सोमेश कुमार को तुरंत ही हिरासत में लेकर पूछताछ कर सच बाहर निकालें।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने जारी बयान में आरोप लगाया कि पूर्व केसीआर के शासन में अकुन सभरवाल टीम ने ड्रग्स केस की जांच करके कई सबूत एकत्रित किए थे, जिनमें वीडियो व आडियो स्टेटमेंट रिकार्ड भी थे। तत्कालीन सीएस रहे सोमेश कुमार ने केसीआर के पारिवारिक सदस्यों को बचाने के उद्देश्य से सारे सबूत अपने अधीन कर लिए और जाँच को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। उन्होंने प्रश्न किया कि वर्तमान रेवंत रेड्डी सरकार सभरवाल टीम की जाँच रिपोर्ट के आधार पर क्यों आगे नहीं बढ़ रही है, यह संदेह उत्पन्न कर रहा है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ड्रग्स केस दर्ज करने के मामले में केवल उत्सवों व नववर्ष तक सीमित होकर रह गई है।

ड्रग्स जांच में केसीआर परिवार के नाम आने का दावा

बंडी संजय ने आरोप लगाया कि अकुन सभरवाल की जाँच टीम के जुटाए सबूतों में कई बड़े नाम सार्वजनिक हुए थे। कई फिल्मी हस्तियों के नाम तो थे, उसमें केसीआर के पारिवारिक सदस्यों के भी नाम उजागर हुए थे। उन्होंने आरोप आगे बढ़ाते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट में पाया गया था कि ड्रग्स पैडलर्स के साथ केसीआर के पारिवारिक सदस्यों के संबंध हैं, वहीं ड्रग्स लेने वालों ने गवाही में केसीआर के पारिवारिक सदस्यों के नाम भी लिए थे। इसलिए पारिवारिक सदस्यों के राजनीतिक भविष्य बर्बाद होने के डर से केसीआर ने अकुन को जांच टीम से अधर बीच हटा दिया था।

बंडी संजय ने मांग करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार ड्रग्स उन्मूलन के प्रति कटिबद्ध है तो तुरंत ही ईगल टीम को मैदान में सक्रियता से उतारें और सोमेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ करके सच सार्वजनिक करें। उन्होंने ईगल टीम के कुछ अधिकारियों के ड्रग्स तस्करों के हाथों बिककर समझौता किए जाने का आरोप भी लगाते हुए कहा कि सरकार को ड्रग्स के मामले में गंभीरता से जाँच करने अकुन सभरवाल जैसे अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपने की माँग की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button