ईरान संघर्ष : शिंदे ने यूएई में फंसे 164 लोगों को वापस लाने के लिए उड़ानों की व्यवस्था की
मुंबई, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे राज्य के 164 नागरिकों को वापस लाने के लिए दो विमानों की व्यवस्था की है। उनके कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र सरकार ने भी पश्चिम एशिया में फंसे राज्य के सैकड़ों लोगों के लिए एक आपातकालीन व्हाट्सएप हेल्पलाइन शुरू की है। शिंदे के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि फुजैरा हवाई अड्डे से दो उड़ानें अपराह्न 3:30 बजे और शाम 4:30 बजे रवाना होंगी, जिनके शाम को मुंबई में उतरने की उम्मीद है। बयान में कहा गया है कि 164 यात्रियों में पुणे स्थित इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 छात्र और ठाणे, अहिल्यानगर और पुणे के निवासी शामिल थे। पश्चिम एशियाई संघर्ष के शनिवार को शुरू होने के बाद से उपमुख्यमंत्री फंसे हुए लोगों के संपर्क में हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ईरान युद्ध के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने से महाराष्ट्र के सैकड़ों लोग पश्चिम एशिया में फंस गए हैं, हालांकि सभी सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं और विभिन्न एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि वह हर संभव सहायता प्रदान करने वाली केंद्र सरकार के साथ भी नियमित रूप से समन्वय कर रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन को समन्वय प्रयासों का जिम्मा सौंपा गया है।
फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों के लिए हेल्पलाइन जारी
सीएमओ ने कहा कि राज्य सरकार ने फंसे हुए नागरिकों के लिए दुबई स्थित इंडियन पीपुल्स फोरम के समन्वय से एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर भारी और सटीक बमबारी पूरे सप्ताह या जब तक आवश्यक हो, तब तक जारी रहेगी। स्थिति को देखते हुए पश्चिम एशिया में कई हवाई क्षेत्रों को बंद कर दिया गया, जिससे उड़ानों में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ है और यात्री फंसे हुए हैं।
यह भी पढ़े: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का ‘एक्स’ अकाउंट हैक
अधिकारियों ने बताया है कि पूरे महाराष्ट्र से पश्चिम एशिया में फंसे हुए राज्य के नागरिकों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। जालना से कांग्रेस के सांसद कल्याण काले भी दुबई में फंसे लोगों में शामिल हैं। उनके भाई जगन्नाथ काले ने बताया कि वह ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को दुबई गए थे। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



