आग से खेला ईरान, दोहा में अमेरिकी बेस को बनाया निशाना
नई दिल्ली, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी को दरकिनार करते हुए ईरान ने कतर में स्थित अमेरिकी ठिकानों की ओर 6 मिसाइलें दागीं। एक रिपोर्टर ने एक इजरायली अधिकारी के हवाले से यह दावा किया। इस हमले को अमेरिका पर ईरान की जवाबी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर ईरानी परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद।
मिडिल ईस्ट में तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है। एक तरफ इजरायल और ईरान की जंग लगातार भीषण होती जा रही है तो वहीं अब ईरान और अमेरिका भी आमने-सामने हैं। रिपोर्टर ने एक इजरायली अधिकारी के हवाले से बताया है कि ईरान ने कतर में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों की ओर 6 मिसाइलें दागी हैं। इससे पहले रविवार सुबह अमेरिका ने ईरान की तीन न्यूक्लियर साइट्स को निशाना बनाया था।
यह भी पढ़ें… युद्ध के बीच कूदा अमेरिका : तीन ईरानी परमाणु केंद्रों पर हमला
ईरान का जवाबी हमला और भारतीयों के लिए एडवाइजरी
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जो तुम पर जिस तरह हमला करे, तुम भी उस पर उसी तरह हमला करो। ईरान के परमाणु ठिकानों और फैसिलिटी पर अमेरिका की आक्रामक कार्रवाई के जवाब में ईरान की सेनाओं ने कुछ घंटे पहले कतर में स्थित अमेरिकी अल-उदीद एयरबेस को तबाह कर दिया है। बयान में कहा गया है कि इस सफल अभियान में जितनी मिसाइलें इस्तेमाल की गईं, उनकी संख्या अमेरिका की ओर से ईरान के परमाणु ठिकानों पर गिराए गए बमों के बराबर थी।
ईरान ने साफ किया कि ईरानी सेना की ओर से निशाना बनाया गया यह सैन्य अड्डा कतर के शहरी क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों से काफी दूर है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने भी बयान जारी कर अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले की पुष्टि की है। दूसरी ओर कतर में भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों से अपील की है कि मौजूदा हालात को देखते हुए सतर्क रहें और घर के अंदर ही रहें। किसी भी अफवाह से बचें और कतर सरकार की ओर से जारी स्थानीय निर्देशों और खबरों का पालन करें। भारतीय दूतावास ने कहा है कि स्थिति से जुड़े अपडेट सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से लगातार साझा किए जाएंगे।
फोर्दे पर फिर हमला : मीडिया
ईरान के फोर्दे स्थित भूमिगत यूरेनियम संवर्धन स्थल पर सोमवार को फिर से हमला किया गया और ईरान ने भी इजराइल पर मिसाइलों और ड्रोनों की बौछार कर दी।साथ ही ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा ईरानी परमाणु स्थलों पर बड़े पैमाने पर किए गए हमलों के मद्देनजर अब उसकी सेना को अमेरिकी ठिकानों पर हमला करने की खुली छूट मिल गई है।
ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि फोर्दे स्थित परमाणु केंद्र रविवार को हुए हमले में भी प्रभावित हुआ था और सोमवार को इस पर फिर से हमला किया गया। इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है कि हमला किसने किया और कितना नुकसान हुआ, हालाँकि इजराइल ने पहले कहा था कि वह ईरान पर हवाई हमले कर रहा है। वियना में संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था के प्रमुख ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रविवार को अमेरिका द्वारा बंकर-बस्टर बमों से किए गए हवाई हमले के बाद फोर्दे स्थित परमाणु केंद्र में भारी क्षति हुई होगी।
अमेरिकी हमले से क्षेत्रीय युद्ध की आशंका तेज
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने कहा कि उपयोग किए गए विस्फोटक पेलोड को देखते हुए बहुत अधिक क्षति होने की आशंका है। रविवार को ईरान के परमाणु केंद्रों पर हमलों के साथ, अमेरिका ने खुद को इजराइल के युद्ध में शामिल कर लिया, जिससे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंकों पैदा हो गईं। ईरान ने कहा कि अमेरिका ने मिसाइलों और 30,000 पाउंड के बंकर-बस्टर बमों से तीन स्थलों पर हमला करने के अपने जोखिम भरे कदम से एक बहुत बड़ी वर्जित रेखा पार कर दी है।
इजराइल ने कहा कि उसकी रक्षा प्रणालियाँ नवीनतम ईरानी खतरे को रोकने के लिए काम कर रही थीं, जिसने जाहिर तौर पर देश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों को निशाना बनाया। इजराइल ने लोगों को आश्रय स्थलों में जाने के लिए कहा। ईरान के सरकारी टेलीविजन के अनुसार, ईरान ने इस हमले को अपने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3 की नई लहर बताया और कहा कि यह इजराइली शहरों हाइफा और तेल अवीव को निशाना बना रहा था।(एजेंसियाँ)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






