जुबली हिल्स उपचुनाव : चुनौती बनी नामांकनों की छंटाई

हैदराबाद, लोकतंत्र में अपनी आवाज़ उठाने के कई तरीके हैं। एक माध्यम चुनाव भी है। जुबली हिल्स विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र उपचुनाव में भी कुछ लोगों ने अपनी मांगों पर मीडिया और राजनेताओं का ध्यान आकर्षित करने के लिए नामांकनों की झड़ी लगाने का जो रास्ता चुना है, वह एक ओर चुनाव प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है, तो दूसरी ओर लोग यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि यह सब क्या हो रहा है।

सैकड़ों नामांकनों के दाखिल किये जाने के कारण जहाँ नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया में काफी देरी हुई, वहीं छंटाई की प्रक्रिया भी काफी लंबी हो गयी है। आम तौर पर जो प्रक्रिया एक दिन में पूरी कर ली जाती है, अब कहा जा रहा है कि यह प्रक्रिया कल सुबह तक जारी रहेगी। आरआरआर प्रभावित किसानों, नेताओं एवं बेरोजगार संघ द्वारा सौ प्रत्याशियों को खड़ा करने की घोषणा का प्रभाव जुबली हिल्स उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया में स्पष्ट रूप से देखा गया।

सामान्य रूप से जो प्रक्रिया दिन में 11 से 3 बजे तक चलती है, वह अधिक प्रत्याशियों की कतार के कारण रात देर तक, बल्कि सुबह तक चली। कल एक ही दिन में 194 नामांकन प्राप्त हुए, जबकि इससे पूर्व 127 नामांकन प्राप्त हुए थे। शहर में इस तरह की यह पहली घटना देखी गयी, जहाँ 211 प्रत्याशियों ने 321 नामांकन दाखिल किये। अब नामांकनों की छंटाई प्रक्रिया भी लंबी चल रही है। सूत्रों के अनुसार, रात 8 बजे तक 94 प्रत्याशियों के 170 नामांकनों की छटनी की गई। इनमें से 42 प्रत्याशियों के 79 नामांकन रद्द किए गए। 52 प्रत्याशियों के 79 नामांकन स्वीकार किए गए। संभावना है कि गुरुवार को स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

यह भी पढ़ें… जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए तीन पर्यवेक्षक तैनात

इसी बीच खबर है कि निर्दलीय के रूप में हलचल मचाये हुए एचवाईसी सलमान खान के चारों नामांकन रद्द कर दिये गये हैं। इस तरह सलमान मैदान से बाहर हो गये हैं। इधर, इस बात को लेकर भी चर्चा हो रही है कि भारी संख्या में प्रत्याशी मैदान में होने पर क्या चुनाव ईवीएम से कराये जा सकेंगे, इस पर हालाँकि किसी अधिकारी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन समझा जा रहा है कि चुनाव तंत्र ईवीएम के माध्यम से चुनाव कराने में सक्षम है। अब प्रत्याशियों की संख्या की सही स्थिति 24 अत्तूबर को ही सामने आ सकती है। 24 अत्तूबर को नामांकन वापस लिये जाने की अंतिम तिथि है, जबकि 11 नवंबर को मतदान होंगे और 13 नवंबर को परिणामों की घोषणा की जाएगी।

मतदाता जागरूकता हेतु स्टिकर अभियान

व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी (स्वीप) गतिविधियों के अंतर्गत आज जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र में मैं निश्चित रूप से मतदान करूँगा शीर्षक से मतदाता जागरूकता पहल शुरू की गई। जिला चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 11 नवंबर को प्रस्तावित जुबली हिल्स उपचुनाव में मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया।

इसमें मतदान तिथि के साथ मैं निश्चित रूप से मतदान करूँगा स्टिकर पूरे निर्वाचन क्षेत्र में जीएचएमसी मंडल कार्यालय, वार्ड कार्यालयों, जीएचएमसी खेल परिसर, राशन दुकानों और आईसीडीएस केंद्रों पर प्रमुखता से चिपकाए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना और मतदान के दिन अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना है।

सामान्य पर्यवेक्षक ने किया जाँच प्रक्रिया का निरीक्षण

जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए सामान्य पर्यवेक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में नामांकन पत्रों की जाँच प्रक्रिया का निरीक्षण किया। रंजीत कुमार सिंह ने रिटर्निंग अधिकारी पी. साईराम और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार जाँच प्रक्रिया का संचालन करते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित करें और मानदंडों का पालन करें। उन्हें बताया गया कि उपचुनाव के लिए कुल 211 उम्मीदवारों ने 321 नामांकन दाखिल किए हैं।

बड़ी संख्या में नामांकन प्राप्त होने के कारण, जाँच प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लगने की उम्मीद है। चुनाव आयोग ने 24 अक्टूबर तक नामांकन वापस लेने की अनुमति दी है। इस बीच पुलिस पर्यवेक्षक ओम प्रकाश त्रिपाठी ने निर्वाचन क्षेत्र के महत्वपूर्ण मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने चेक पोस्टों का निरीक्षण करने के अलावा कोटला विजय भास्कर रेड्डी स्टेडियम स्थित वितरण, स्वागत एवं मतगणना (डीआरसी) केंद्र और स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। पुलिस पर्यवेक्षक ने उपचुनाव के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button