जुबली हिल्स चोरी: नेपाली गिरोह के आरोपी बॉर्डर पर गिरफ्तार
हैदराबाद, हैदराबाद टास्क फोर्स पुलिस ने जुबली हिल्स के नंदागिरी हिल्स में एक व्यापारी के घर में बड़ी चोरी करने वाले नेपाली गिरोह के दो सदस्यों भूपेन्द्र शाही उर्फ भुवन (23) और कृष्णचंद (23) को भारत व नेपाल की सीमा पर से गिरफ्तार किया तथा एक और आरोपी मुंबई में गिरफ्तार हुआ है। नेपाली गिरोह ने व्यापारी के घर से 1.3 करोड़ रुपये के हीरे जड़ित सोने के आभूषण और नकदी आदि चुरा लिए थे।
गौरतलब है कि गत 18 जनवरी को जुबली हिल्स रोड नंबर 69 निवासी एवं पेशे से व्यापारी रविंद्र कुमार शर्मा ने घर पर खाना बनाने का काम करने के लिए नेपाल निवासी भूपेंद्र शाही को नौकरी पर रखा था। गत शुक्रवार को रविंद्र कुमार अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गये हुआ थे। इस कारण घर पर केवल काम करने वाले चार कर्मचारी ही थे। इस दिन भूपेंद्र शाही ने सोची समझी साजिश के तहत अपने मालिक के घर चोरी करने के लिए अन्य कर्मचारियों को अपना जन्मदिन बताते हुए पार्टी दी और भोजन करने के बाद नशा युक्त कूल ड्रिंक्स पिला दिया। इस कारण घर के अन्य कर्मचारी नशे में सो गये।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : हत्या के प्रयास के मामले में राउडी शीटर स्टीफन गिरफ्तार
सुरक्षाकर्मी को बांधकर चाकू से डराया-धमकाया
इसके बाद उसने अपने तीन साथियों को फोन कर अपने मालिक घर बुलाया और घर से सोने के आभूषण व कुछ नगद चुरा कर फरार हो गये थे। फरार होने से पूर्व उसने नशा युक्त कूल ड्रिंक्स नहीं पीने वाले घर के सुरक्षाकर्मी नागेश्वर राव के हाथ-पैर बांध कर उसे चाकू से डराया-धमकाया भी था। इस मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए जुबली हिल्स पुलिस और टास्क फोर्स पुलिस की स्पेशल टीमों को लगाया गया। मौके से भागते समय भूपेंद्र शाही का एक सेल फोन गिर गया था। उसमें मिले सबूत और नेपाली एजेंट मदन की दी गई जानकारी के आधार पर जांच जारी रखी गई।
टास्क फोर्स पुलिस ने सेल फोन सिग्नल और पहले इस्तेमाल किए गए उसके सेल फोन की कुछ खास जानकारी के आधार पर भूपेंद्र शाही की हरकतों पर नजर रखी और पाया कि आरोपी नेपाल सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। शहर की पुलिस टीमें नेपाल जाने वाले तीन बॉर्डर पर पहुंचीं और तीन दिन तक नज़र रखी।
बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की मदद से उन्होंने आरोपियों पर नजर रखी और बॉर्डर चेक पोस्ट के पास भूपेंद्र शाही और एक और व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। खबर है कि उनके पास से कुछ सामान जब्त किया गया है और पुलिस आरोपियों को हैदराबाद ला रही है। पता चला है कि लूट के बाद चारों आरोपियों ने चोरी का सामान आपस में बांट लिया और अलग-अलग जाकर बॉर्डर पार करने का फैसला किया। इस बीच लूट में शामिल एक और आरोपी को मुंबई में गिरफ्तार कर लिया गया और एक और व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी गई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



