5 साल बाद 30 जून से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा
देहरादून, कैलाश मानसरोवर यात्रा पाँच साल बाद इस वर्ष 30 जून से शुरू होगी, जिसका मार्ग उत्तराखंड के पिथौरागढ़ ज़िले में 17 हजार फुट की ऊँचाई पर स्थित लिपुलेख दर्रे से होगा। यहाँ सोमवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, हर वर्ष आयोजित होने वाली यह यात्रा 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दी गई थी और उसके बाद से यह संचालित नहीं हो पाई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से इस वर्ष यह संभव हो पाया है।
इसके अनुसार, उत्तराखंड सरकार एवं भारतीय विदेश मंत्रालय के तत्वाधान में आयोजित होने वाली इस यात्रा के संबंध में सोमवार को नई दिल्ली में एक बैक की गई, जिसमें इसके संचालन का जिम्मा कुमाऊँ मंडल विकास निगम को सौंपा गया।
यह भी पढ़ें… कैलाश मानसरोवर यात्रा जल्द दोबारा शुरू होगी : भारत
यह यात्रा दिल्ली से 30 जून को शुरू होगी, जिसमें 50-50 व्यक्तियों के कुल पाँच दल होंगे और इस प्रकार इस यात्रा में ढाई सौ श्रद्धालु शामिल होंगे। कैलाश मानसरोवर यात्रा करने वाला प्रथम दल 10 जुलाई को लिपुलेख दर्रे से होते हुए चीन में प्रवेश करेगा तथा अंतिम यात्रा दल 22 अगस्त को चीन से भारत के लिए प्रस्थान करेगा।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






