राजभवन में मनाया गया कारगिल विजय दिवस
हैदराबाद, वर्ष 1999 में हुए कारगिल युद्ध में भारत की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में आज राजभवन में 26वां कारगिल विजय दिवस मनाया गया। राजभवन द्वारा तेलंगाना और आंध्रा सब एरिया कमान के सहयोग से आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने की। उन्होंने राजभवन प्रांगण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र का अनावरण भी किया।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यपाल ने समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय सशस्र बलों के साहस, बलिदान और अदम्य साहस को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कैप्टन विक्रम बत्रा जैसे नायकों और ऑपरेशन विजय के 526 शहीदों की महान बहादुरी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आज हम स्वतंत्रता के साथ इसलिए सांस ले पा रहें क्योंकि हमारे वीर सैनिकों ने अपना बलिदान दिया।
भारत के सैनिकों की देशभक्ति भावना की सराहना करते हुए कहा कि वे देश रक्षा में अपने प्राणों की आहूति दे देते हैं, ताकि हमारा राष्ट्र शांति और स्वतंत्रता के साथ फल-फूल सके।राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, स्वामी विवेकानंद और सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य महान हस्तियों से प्रेरणा लेते हुए सभी नागरिकों से ऐसे सर्वोच्च बलिदान के योग्य जीवन जीने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
राज्यपाल ने अवसर पर राजभवन में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र का अनावरण करते हुए उनकी दृढ़ नेतृत्व क्षमता का स्मरण करते हुए श्रद्धाजंलि अर्पित की।कार्यक्रम में राज्यपाल ने सशस्र बलों के गणमान्यों को सम्मानित करते हुए राष्ट्र के प्रति उनकी शक्ति, दृढ़ता और अतुलनीय सेवा के लिए उनकी सराहना की। अवसर पर कारगिल विजय दिवस पर आधारित नाट्य प्रस्तुति को भी मंचित किया गया।
समारोह में एयर चीफ मार्शल (सेवानिवफत्त) एन.ए.के. ब्राउन, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएम, पूर्व वायुसेनाध्यक्ष तथा एयर चीफ मार्शल (सेवानिवफत्त) वी.आर. चौधरी, पीवीएसएम, एवीएसएमवीएम, एडीसी, पूर्व वायुसेनाध्यक्ष सहित कमांडेंट कॉलेज ऑफ एयर वारफेयर एयर वाइस मार्शल पी.एस. वडोदकर, मेजर जनरल आर.डी. शर्मा
यह भी पढ़े : 26वें कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सेना ने किया ड्रोन शो
जीओसी 54 डिवीजन, मेजर जनरल अजय मिश्रा, जीओसी तेलंगाना और आंध्रा सब एरिया, राज्यपाल के प्रधान सचिव एम. दाना किशोर, वरिष्ठ पूर्व अधिकारी, कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक, वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ता, भारतीय सशस्र बलों के सेवारत अधिकारी व शहीदों के परिजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन भारत की विजय को परिभाषित करने वाले साहस, एकता और देशभक्ति के आदर्शों को बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



