कश्मीर : अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त आय से अर्जित संपत्ति कुर्क
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार को कथित तौर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धनराशि से अर्जित 1.20 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए, श्रीनगर पुलिस ने मादक पदार्थ के एक कुख्यात तस्कर की संपत्ति को कुर्क किया। उन्होंने बताया कि नौहट्टा थाने की पुलिस ने स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए अचल संपत्ति को कुर्क किया।
यह भी पढे़: पर्ल्स ग्रुप की दो हज़ार करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क
प्रवक्ता ने बताया कि संलग्न संपत्ति में तीन मंजिला आवासीय मकान, तीन शौचालयों वाला एक मंजिला कंक्रीट का रसोईघर और नौ मरला (एक मरला भूमि 272.25 वर्ग फुट की होती है) जमीन शामिल है। उन्होंने कहा कि जांच से पता चला है कि निसार अहमद शेख ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन से यह संपत्ति हासिल की थी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



