केसीआर ने दलितों के साथ किया अन्याय : रेवंत

हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि केसीआर ने अपने शासनकाल के दौरान दलितों को धोखा दिया, तो हमने दलितों को असेंबली स्पीकर और मंत्रियों के रूप में मौका दिया। इसलिए केसीआर विधानसभा में नहीं आ रहे है।

रेवंत रेड्डी ने आज विकाराबाद जिले परिगी मंडल के नारायणपुर में म्युनिसिपल चुनाव प्रचार के अंतर्गत आयोजित प्रजा पालना प्रगति बाटा जनसभा में कहा कि हम पिछली सरकार ने जो कर्ज लिया था, उसे चुकाते हुए और गलतियों को सुधारते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले शासकों द्वारा की गई गलतियों को सुधारते हुए हम शासन चला रहे हैं। हम दो साल के शासन में जनकल्याण और विकास को जारी रखे हुए हैं।

कर्ज का बोझ होने के बावजूद हमारी सरकार कई कल्याणकारी योजनाएँ लागू कर रही है। उन्होंने भाजपा व बीआरएस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में लड़ना चाहिए, लेकिन कांग्रेस को हराने के लिए ये दोनों दल काले समझौते करके फेविकॉल बंधन के साथ मिलकर साजिश रच रहे हैं। उन्होंने अपने पुराने आरोपों को दोहराते हुए कहा कि केसीआर अपने 10 साल के शासन में राज्य के विकास के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।

रेवंत रेड्डी ने यह भी कहा कि केंद्र में पिछले बारह वर्षों से सत्ता में रही मोदी सरकार ने भी राज्य के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा नेता आज कह रहे हैं कि मोदी को देखकर वोट दें, अगर यहां के नेता काम नहीं करते तो दिल्ली जाकर कैसे पूछ सकते है? उन्होंने आगे कहा कि अगर भाजपा और बीआरएस वास्तव में लोगों की समस्याओं का समाधान करते, तो लोग नगर निगम चुनावों में वोट देते। वास्तव में केसीआर और मोदी ने पैसे देकर जनता के लिए काम किया होता तो आज उन्हें घर-घर जाकर वोट मांगने की नौबत नहीं आती।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि प्राणहिता चेवेल्ला परियोजना को अविभाजित राज्य में कांग्रेस सरकार द्वारा मंजूरी दी गई थी, लेकिन केसीआर ने अपने शासनकाल में इस पर ध्यान तक नहीं दिया। अगर रंगारेड्डी जिले को 3 टीएमसी गोदावरी का पानी दिया जाता तो हजारों एकड़ में सिंचाई होती थी। उन्होंने सवाल किया कि सबिता इंद्रा रेड्डी ने अतीत में कहा था कि रंगारेड्डी जिले के विकास के लिए उन्होंने पार्टी बदली है। इसके बावजूद चेवेल्ला परियोजना को पूरा करने के लिए अनुमतियाँ क्यों नहीं लायी गयीं।

रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि केसीआर की लापरवाही के कारण ही रंगारेड्डी जिला इतना नुकसान उठा रहा है। इस मौके पर सीएम ने घोषणा की कि लक्ष्मीदेवीपल्ली जलाशय के संबंध में भूमि अधिग्रहण जल्द ही पूरा किया जाएगा। गोदावरी का पानी लाकर तांडूर, परिगी और विकाराबाद के किसानों को सिंचाई जल देने की जिम्मेदारी हमारी है।

तांडूर में अंडरग्राउंड ड्रेनेज सुविधा विकसित करने के साथ-साथ पीने के पानी की समस्या भी सुलझायी जाएगी। साथ ही कहा कि मक्कल, नारायणपेट और कोडंगल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कृष्णा के पानी की आपूर्ति कर 1.50 लाख एकड़ भूमि को सिंचाई जल दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि 10 साल तक सत्ता में बैठे नेता अप्पा जंक्शन से मन्नेगुड़ा रोड का काम पूरा नहीं कर पाए। इस मार्ग में हुई सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग मारे गए। क्या यह पाप केसीआर और सबिता इंद्रा रेड्डी का नहीं है?

रेवंत रेड्डी ने बताया कि अब अदालत के मामलों को निपटाया गया और अप्पा जंक्शन से मन्नेगुड़ा सड़क के काम में तेजी लाई गई। साथ ही जोड़ा की तांडूर रोड को भी पूरा करने की जिम्मेदारी हमारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय रिंग रोड और रेडियल रोड जल्द ही आने वाले हैं और विकाराबाद एक विश्व स्तरीय पर्यटन केंद्र बनने जा रहा है। इस जनसभा में विधानसभाध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार, आईटी और उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू, विधान परिषद के मुख्य सचेतक पट्नम महेंदर रेड्डी, के विधायक, एमएलसी, निगम अध्यक्ष आदि ने भाग लिया। जिले

केसीआर के पापों का इतिहास रहेगा

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि बीआरएस नेता राज्य के विकास को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। केटीआर और हरीश राव के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि केसीआर को फोन टैपिंग मामले में नोटिस दिए जाने पर बीआरएस के नेता हंगामा खड़ा कर रहे हैं। टैपिंग जैसे गलत काम करने पर नोटिस देने में गलत क्या है। हरीश राव और केटीआर मुझ पर केसीआर के इतिहास को मिटाने की कोशिश करने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन केसीआर के फर्जी पासपोर्टों के इतिहास को अगर मैंने मिटाने का प्रयास किया भी, तो क्या वह मिट सकता है?

आपके पार्टी के नेता आरएस प्रवीण कुमार ने कहा था कि केसीआर पर नोटों की जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। क्या इस नोटों के इतिहास को मिटाने से वह मिट जाएगा? क्या दलित नेता को सीएम बनाने के केसीआर के धोखेबाज इतिहास को मिटाने से वह मिट जाएगा? कोई भी आपके दस साल के लूट के इतिहास को मिटा नहीं सकता। तेलंगाना का इतिहास जब तक रहेगा, तब तक आपके पापों का इतिहास भी रहेगा। कोई इसे मिटा नहीं सकता। आपके आपराधिक चरित्र का इतिहास मिटने नहीं दूँगा, यह मेरी जिम्मेदारी है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button