भव्यता से मनाया जाएगा KCR का जन्मदिन : तलसानी श्रीनिवास यादव

हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव का जन्मदिन मंगलवार, 17 फरवरी को बीआरएस मुख्यालय तेलंगाना भवन में भव्य रूप से मनाया जाएगा। भारास विधायक दल के उपनेता टी. श्रीनिवास यादव ने तेलंगाना भवन प्रभारी व पूर्व सांसद रावुला चंद्रशेखर रेड्डी, पल्ले रविकुमार, किशोर गौड़ व मुठा जयसिम्हा के साथ मिलकर तेलंगाना भवन में केसीआर के जन्मोत्सव पर किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लेने के बाद मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारास कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव उपस्थित होंगे।

इनके अलावा भारास विधायक दल के उपनेता टी. हरीश राव, पार्टी के सभी विधायक, सांसद, विधान परिषद सदस्य व ग्रेटर हैदराबाद से संबंधित पार्षद व अन्य नेता आदि उपस्थित होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान केक काटा जाएगा, वहीं गीत भी जारी किए जाएंगे तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें… फार्मूला ई रेस मामले में आईएएस अधिकारी पर केस चलाने की मंज़ूरी

तलसानी ने बताया कि मंगलवार को केसीआर के जन्मदिन पर मंदिर, मस्जिद व गिरजाघरों में प्रार्थनाएँ की जाएंगी तथा सेवा कार्यक्रम होंगे। उन्होंने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के तीन टुकड़े किए जाने का विरोध जताया और कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार तुगलक की तरह व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता को विश्वास में तक नहीं लिया गया। कोई ऐक्शन प्लान नहीं है न ही मौलिक सुविधाओं के बारे में कोई ऐक्शन प्लान बनाया गया है। बस 3 अधिकारियों को नियुक्त करके कांग्रेस ने लूट का रास्ता अपना लिया है।

Exit mobile version