कोहली का विकेट लेने से अच्छा लगा, लेकिन मैच जीतना महत्वपूर्ण: प्रिंस यादव
लखनऊ, लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने यहां आईपीएल मैच के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को एक बेहतरीन गेंद से आउट किया, लेकिन वह इसे ज्यादा तवज्जो नहीं देना चाहते और उन्होंने कहा कि टीम का जीत हासिल करना अधिक महत्वपूर्ण है।
आरसीबी की टीम बारिश से प्रभावित इस मैच में डकवर्थ लुईस पद्धति से 213 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी लेकिन उसकी टीम निर्धारित 19 ओवर में छह विकेट पर 203 रन ही बना पाई। मिचेल मार्श के 111 रन की बदौलत एलएसजी ने तीन विकेट पर 209 रन बनाए थे। प्रिंस ने 33 रन देकर तीन विकेट लिए।
प्रिंस ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘कोहली का विकेट लेने के बाद मुझे अच्छा लगा, लेकिन सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि हमने मैच जीत लिया। अगर मैंने विकेट लिया होता और हम हार जाते, तो इतना अच्छा नहीं लगता। ’’उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी गेंदबाज जब किसी भी तरीके से विकेट लेता है तो अच्छा लगता है। अगर परिस्थिति ऐसी होती है कि हम विकेट लेकर ही मैच जीत सकते हैं तो वही हुआ और मुझे अच्छा लग रहा है।’’
प्रिंस की गेंदबाजी से बदला मैच
प्रिंस ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 विकेट लिए हैं, जो शीर्ष पर चल रहे गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार (17) और अंशुल कंबोज (17) से केवल एक विकेट कम है। इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि उन्होंने सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से नई गेंद से गेंदबाजी करने के बारे में बहुत कुछ सीखा है।
प्रिंस ने कहा, ‘‘मैंने उनसे (शमी से) नई गेंद से गेंदबाजी करने के बारे में बहुत कुछ सीखा। उनकी सबसे अच्छी बात यह है कि जब भी कोई गेंदबाज गेंदबाजी कर रहा होता है तो वह मिड-ऑन या मिड-ऑफ पर खड़े होते हैं। अगर आपका साथ देने के लिए इतना अनुभवी खिलाड़ी हो तो आत्मविश्वास का स्तर अलग हो जाता है।’’ आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने स्वीकार किया कि प्रिंस की गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया।
यह भी पढ़े : एमएस धोनी बने बिहार-झारखंड के नंबर-1 इंडिविजुअल टैक्सपेयर
पाटीदार ने कहा, ‘‘हमने दिल्ली में प्रिंस के साथ कई घरेलू मैच खेले हैं। मैं उन्हें लंबे समय से देखता आ रहा हूं। उनकी गेंदबाजी में विविधता है। उनके पास गति है। उनके पास स्विंग है। वह एक कुशल तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने आज बहुत अच्छी गेंदबाजी की। मुझे लगता है कि अपनी गेंदबाजी से उन्होंने मैच का रुख बदल दिया।’’आरसीबी अभी 10 मैचों के बाद 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है और पाटीदार ने कहा कि उनकी टीम खिताब का बचाव कर सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस सत्र में मौजूदा चैंपियन के रूप में खेल रहे हैं और हमारे पास फिर से चैंपियन बनने का मौका है।’’(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



