हैदराबाद, कांग्रेस नेता और श्रम मंत्री जी. विवेक वेंकटस्वामी के काफिले पर मंगलवार को मंचीरियाल जिले में पथराव किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस घटना में एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई, जब मंत्री और अन्य कांग्रेस नेता क्याथनपल्ली नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव में भाग लेने जा रहे थे।
पुलिस ने मंत्री के काफिले को कथित तौर पर रोकने वाले बीआरएस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और घटना की जाँच की जा रही है। विवेक ने आरोप लगाया कि नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव के दौरान भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक बाल्का सुमन और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके वाहन पर हमला किया, जिसके परिणामस्वरूप एक पुलिस कांस्टेबल और एक कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामाराव ने आरोप लगाया कि सुमन और पार्टी के अन्य नेताओं पर कांग्रेस के गुंडों ने हमला किया।
यह भी पढ़ें… कल्याणकारी शासन पर जनमत संग्रह है नगरपालिका की जीत : उत्तम कुमार रेड्डी
विवेक ने बताया कि वह और उनके बेटे, सांसद जी. वाम्सी कृष्णा, नगर निकाय के पदेन सदस्य के रूप में चुनाव में भाग लेने के लिए क्याथनपल्ली गए थे। मंचरियाल जिले के चेन्नूर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद बीआरएस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और हिंसा का सहारा लिया। विवेक ने दावा किया कि वीडियो फुटेज में सुमन की संलिप्तता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है और उन्होंने पुलिस से मामला दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। दूसरी ओर पुलिस की कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए रामाराव ने आरोप लगाया कि बीआरएस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया।
