कार्यकाल के अंतिम दिन महापौर ने जीएचएमसी कर्मियों को प्रदान किये प्रशंसा पत्र
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम की महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी ने अपने कार्यकाल के अंतिम दिन आज निगम के अधिकारियों एवं कैम्प कार्यालय के स्टाफ को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी ने मंगलवार को जीएचएमसी अधिकारियों तथा कैम्प कार्यालय स्टाफ को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। महापौर ने उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और सहयोग से प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं।
प्रशंसा पत्र प्राप्त करने वालों में मेयर कार्यालय के ओएसडी विजय कृष्ण, जनसंपर्क अधिकारी मामिंडला दशरथम्, मेयर कार्यालय के सचिव उदय, निजी सहायक अखिल, फोटोग्राफर रमेश और पवन, कार्यालय अधीनस्थ कर्मचारी नरसिंह और राजकुमार तथा सुरक्षा स्टाफ शामिल हैं।
यह भी पढ़ें… ग्लोबल आइकन पुरस्कार से सम्मानित किए गए डॉ. अजय कुमार अग्रवाल
जनता के प्रति जताया आभार
जीएचएमसी महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी ने हैदराबाद शहर के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पांच वर्ष में शहर के विकास में उत्साहवर्धक जन सहयोग मिला है। कार्यकाल के अंतिम दिन अपने संदेश में महापौर ने कहा कि पाँच वर्षों तक जीएचएमसी मेयर के रूप में जिम्मेदारियाँ निभाने का अवसर देने के लिए वे नगरवासियों की सदैव ऋणी रहेंगी। राज्य सरकार के सहयोग से उन्होंने अपने कार्यकाल में शहर के समग्र विकास के लिए पूरी क्षमता से प्रयास किया।
विजयलक्ष्मी ने नगर विकास में सहयोग प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, मंत्रियों पोन्नम प्रभाकर और श्रीधर बाबू को विशेष रूप से धन्यवाद दिया। मेयर ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग देने के लिए डिप्टी मेयर श्रीलता शोभन रेड्डी, आयुक्त आर. वी. कर्णन, पूर्व आयुक्तों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्टॉफ तथा परिषद सदस्यों के प्रति भी आभार प्रकट किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



