भाजपा से बाहर गए नेता वापस लौटें : रघुनंदन राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एम. रघुनंदन राव ने कारणवश भाजपा छोडकर कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं को वापस पार्टी में आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि भाजपा छोडकर चले गए नेताओं को कांग्रेस में क्या पहचान मिल रही है पुनर्विचार करें।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद रघुनंदन राव ने कहा कि गत चुनाव में भाजपा सत्ता से केवल 10 कदम दूर थी लेकिन ऐन समय पर मंत्री गड्डम विवेक वेंकटस्वामी, विधायक यन्नम श्रीनिवास रेड्डी, विधायक कोमटीरेड्डी राजगोपाल रेड्डी जैसे नेता कारणवश पार्टी छोडकर चले गए जिनके चलते ही कांग्रेस सत्ता में आई है। उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में आने का श्रेय मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को देने से इंकार किया और कहा कि रेवंत रेड्डी के आंदोलन या कांग्रेस की ताकत पर सत्ता हासिल नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें… संक्रांति के लिए आरटीसी तैयार, चलाई जाएँगी 6,431 विशेष बसें
विधानसभा में भाजपा के सभी 7 विधायकों की सराहना की
रघुनंदन राव ने मुख्य विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (भारास) को घोर विफल ठहराया और कहा कि जहां सत्तापक्ष कांग्रेस कृष्णाजल पर चर्चा में कमजोर साबित हुई है वहीं दूसरी ओर बीआरएस कृष्णा जल के मुद्दे पर सदन से बहिष्कार करके भाग खडे हुई है। उन्हेंने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा के सभी 7 विधायकों की भूमिका की भूरी- भूरी प्रशंसा की । उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर सदन में सरकार को घेरने व लताडने में भाजपा विधायक सफल रहे हैं।
रघुनंदन राव ने कहा कि भविष्य में तेलंगाना के पक्ष में खडे रहने वाली एकमात्र पार्टी बीजेपी ही है इसलिए मेधावी व बुद्धिजीवी वर्ग तथा जनता भाजपा के बारे में विचार करे। उन्होंने कहा कि सरकार ने नाम के वास्ते 5 दिनों तक विधानसभा चलाई और चलते बनी। उन्होंने फोन टैपिंग मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) को कांग्रेस इन्वेस्टिगेशन टीम (सीआईटी) बताया और कहा कि फोन टैपिंग का मामला डेली सीरियल की भांति बना दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



