मानवता की सेवा को बनाएँ जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य : राज्यपाल

हैदराबाद, लोक भवन स्थित संस्कृति कम्युनिटी हॉल में विश्व रेड क्रॉस दिवस मनाया गया। अवसर पर तेलंगाना के राज्यपाल और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शिव प्रताप शुक्ला ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए मानवता की सेवा को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। साथ ही सभी से एकता, दया और सेवा के माध्यम से अधिक दयालु और समृद्ध समाज के निर्माण की दिशा में काम करने का आग्रह किया।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अवसर पर राज्यपाल ने रेड क्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी ड्युनेन्ट के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में शिव प्रताप शुक्ला ने मानवता की सेवा को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बताते हुए कहा कि दूसरों के काम आना ही मानव जीवन को सही अर्थ देता है। उन्होंने इस वर्ष की थीम यूनाइटेड इन ह्यूमैनिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज को उन लोगों के साथ एकजुटता से खड़े होने की जिम्मेदारी की याद दिलाती है, जो पीड़ित हैं और जरूरतमंद हैं।

महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राज्यपाल ने लोगों से सेवा को केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि जीवन के सर्वोच्च मूल्यों में से एक मानने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने राज्यभर के नागरिकों से रक्तदान और स्वैच्छिक सेवा गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।

यह भी पढ़ें… सिंगरेणी टीम ने अंतरराष्ट्रीय खदान बचाव प्रतियोगिताओं में दर्ज की जीत

राज्यपाल ने की थैलेसीमिया बच्चों से बातचीत

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और विशेष पोषण किट वितरित की। राज्यपाल ने इन बच्चों के साहस और उनके माता-पिता के धैर्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज का असली नायक बताया। साथ ही रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों और सीएसआर सहभागियों के प्रयासों को भी सराहा, जिनकी मदद से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता का प्रसार हो रहा है।

अवसर पर राज्यपाल के विशेष मुख्य सचिव एम. दानाकिशोर ने कहा कि रेड क्रॉस को और मजबूत करने के लिए आगामी 15 मई से 15 जून तक विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में कृष्णा साई इंटरनेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रेड क्रॉस सोसाइटी को 4 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में राजभवन के वरिष्ठ अधिकारी, जिला रेड क्रॉस तथा गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button