जीएसटी सुधार से बाजार में चौथी दिन भी तेजी : सेंसेक्स 371 अंक उछला

मुंबई, स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी रही। जीएसटी में प्रस्तावित सुधारों और वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने के संकेतों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा टाटा मोटर्स में बढ़त के चलते बीएसई सेंसेक्स 371 अंकों की तेजी के साथ बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 25,000 अंक के करीब पहुँच गया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 370.64 अंक यानी 0.46 प्रतिशत बढ़कर 81,644.39 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 482.13 अंक तक चढ़ गया था।

पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 103.70 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,980.65 पर बंद हुआ। विश्लेषकों के अनुसार, दिवाली तक माल एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली में बड़े सुधारों की योजना और वैश्विक स्तर पर राजनीतिक चिंताओं में कमी से बाजार की धारणा मजबूत बनी रही।

टाटा मोटर्स, अदाणी पोर्ट्स और रिलायंस में मजबूती; मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा मोटर्स सबसे अधिक 3.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुई, जबकि अदाणी पोर्ट्स में 3.16 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.82 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और मारुति के शेयर भी लाभ में रहे। दूसरी ओर, जिन शेयरों में गिरावट रही उनमें बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचसीएल टेक शामिल हैं।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा,”जीएसटी को तर्कसंगत बनाने और भारत की साख में हाल ही में हुए सुधार से उत्साहित बाजार में तेजी जारी रही। रूस और यूक्रेन के बीच तनाव कम होने के संकेतों से भी धारणा मजबूत हुई है। इससे निकट भविष्य को लेकर दृष्टिकोण रचनात्मक रुख की ओर बढ़ रहा है।” मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप और छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप सूचकांक दोनों 0.97 प्रतिशत चढ़े।

बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2,630 शेयर लाभ में, जबकि 1,437 में गिरावट रही। वहीं 165 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कम्पोजिट, और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को स्थिर रुख के साथ बंद हुए।

यह भी पढ़े: सेंसेक्स 1000 अंक उछला, निफ्टी 24,953 के पार

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.93 प्रतिशत घटकर 65.98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 550.85 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सोमवार को सेंसेक्स 676.09 अंक चढ़ा था जबकि निफ्टी में 245.65 अंक की तेजी रही थी। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button