बैठक में पुरस्कार समारोह 15 मार्च को आयोजित करने का निर्णय
हैदराबाद, साहित्य गरिमा पुरस्कार-2025 हेतु समिति की कार्यकारिणी की बैठक गूगल मीट के माध्यम से परामर्शदाता अवधेश कुमार सिन्हा (नई दिल्ली) की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। प्रवीण प्रणव (उपाध्यक्ष) एवं मोहित (महासचिव) ने बताया कि बैठक के शुभारंभ पर साहित्य गरिमा पुरस्कार की संस्थापिका स्व. डॉ. अहिल्या मिश्र को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी। किया गया।
तत्पश्चात विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए प्रवीण प्रणव ने कहा कि विगत 2024 एवं 2025 में पुरस्कार समारोह फ़रवरी माह में तृतीय रविवार को आयोजित हुए थे, परंतु इस वर्ष यह कार्यक्रम रविवार, 15 मार्च को संपन्न होगा। साहित्य गरिमा पुरस्कार समिति, ऑथर्स गिल्ड ऑ़फ इंडिया, हैदराबाद चैप्टर एवं कादम्बिनी क्लब हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
साहित्य गरिमा पुरस्कार का नाम बदलकर डॉ. अहिल्या मिश्र स्मृति सम्मान
बैठक में सर्वसम्मति से साहित्य गरिमा पुरस्कार का नाम बदलकर डॉ. अहिल्या मिश्र स्मृति सम्मान किया गया। 15वाँ साहित्य गरिमा पुरस्कार डॉ. अहिल्या मिश्र स्मृति सम्मान के रूप में अहिन्दी भाषी महिला साहित्यकार को हिन्दी लेखन हेतु काव्य विधा पर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि विगत दो वर्षों से साहित्य गरिमा पुरस्कार समिति के अंतर्गत विभिन्न विधाओं पर सिया सहचरी काव्य सम्मान, महाशहस्त्रावधानी गरिकिपाटि डॉ. नरसिम्हा राव हिन्दी अनुवादक पुरस्कार, महाशहस्त्रावधानी गरिकिपाटि डॉ. नरसिम्हा राव तेलुगु अनुवादक पुरस्कार, श्रीमती शांति अग्रवाल कहानी/उपन्यास लेखन पुरस्कार, श्री आचार्य कृष्णदत्त हिन्दी साहित्य व्यंग्य/लघुकथा लेखन पुरस्कार, सृजनात्मक तकनीक हिन्दी सम्मान, चम्पाई माधव कदम हिन्दी लेखन पुरस्कार, कादम्बिनी क्लब हिन्दी गौरव सम्मान एवं शुभ्रा मोहंतो संगीत साधना पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।
इन पुरस्कारों की सूची में एक और पुरस्कार रामकिशोरी स्मृति सम्मान शामिल किया गया है। यह कथेतर साहित्य लेखन हेतु दिया जाएगा। प्रस्तुत पुरस्कारों हेतु 150 से अधिक प्रतिभागियों की प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं हैं, जिन्हें निर्णायक मंडल को भेजा जा चुका है। जल्द ही निर्णायकों के निर्णय आ जाएँगे। 15 मार्च को आयोजित होने वाले पुरस्कार समारोह हेतु स्थान की सूचना जल्द दी जाएगी। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में पुरस्कार सम्मान और द्वितीय सत्र में पुस्तकों का लोकार्पण किया जाएगा। तत्पश्चात् बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
यह भी पढ़ें… रेलवे बोर्ड ने किया अखिल रेल हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
पुरस्कारों के लिए ट्रस्ट का निर्माण, जिम्मेदारी डॉ. आशा मिश्रा को
प्रवीण प्रणव ने बताया कि इन पुरस्कारों हेतु एक ट्रस्ट का निर्माण किया जाएगा। इसकी ज़िम्मेदारी कोषाध्यक्ष डॉ. आशा मिश्रा एवं मानवेन्द्र मिश्र संभाल रहे हैं। अवधेश कुमार सिन्हा ने कहा कि अगली बैठक में विभिन्न कार्यकारिणी सदस्यों एवं साथियों को समारोह संबंधी विभिन्न ज़िम्मेदारी सौंपी जाएगी। बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि प्रस्तुत पुरस्कार समिति का कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण प्रणव को बनाया जाए। सर्वसम्मति से प्रवीण प्रणव को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
समिति की उपाध्यक्ष मीना मुथा ने कहा कि जिस कर्मठता से अहिल्या मिश्र प्रत्येक कार्य को मंजिल पर ले जाती थीं, उसी जज़्बे के साथ उनके कार्यों को पूरा संगठन मिलकर आगे बढ़ाएगा। बैठक में अवधेश कुमार सिन्हा, प्रवीण प्रणव, मीना मुथा, प्रो. शुभदा वांजपे (निर्णायक मंडल सदस्य), मोहित (महासचिव), डा. आशा मिश्र मुक्ता (कोषाध्यक्ष), के. राजन्ना (मीडिया प्रभारी), कार्यकारिणी सदस्य शिल्पी भटनागर, मोहिनी गुप्ता, भावना पुरोहित, डॉ. जी. नीरजा और सीताराम माने उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



