मिलेट मार्वल्स ने लांच किया राष्ट्रीय मिशन ‘वन मील ए डे विद मिलेट्स’

हैदराबाद, पौष्टिक आहार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में पहल करते हुए मिलेट मार्वल्स स्टार्टअप द्वारा भारतीय श्री अन्न अनुसंधान संस्थान तथा न्यूट्री हब के सहयोग से वन मील ए डे विद मिलेट्स नामक राष्ट्रीय मिशन को लांच किया गया है।

राजेंद्र नगर स्थित आईसीएआर-आईआईएमआर संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में इस पहल का शुभारंभ किया गया। इसका मुख्य लक्ष्य देश के प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक आहार में मिलेट्स को अनिवार्य रूप से शामिल करने हेतु प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक जनमपल्ली अनिरुद्ध रेड्डी थे।

अवसर पर संस्थान की निदेशक डॉ. सी. तारा सत्यवती, न्यूट्री हब के सीईओ डॉ. जे. स्टेनली तथा मिलेट मार्वल्स के संस्थापक व सीईओ डॉ. भरत रेड्डी भी उपस्थित थे। अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मिलेट मार्वल्स का यह प्रयास भारत के पोषण परिदृश्य को बदलने के साथ-साथ टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा।

जनमपल्ली अनिरुद्ध रेड्डी ने इस अवसर पर कहा कि भारत का भविष्य मिलेट अनाजों में ही निहित है। उन्होंने कहा कि अतीत में जिसे गरीबों का भोजन माना जाता था और पॉलिश किए चावल व गेहूं को संपन्नता का प्रतीक समझा जाता था, आज वह धारणा बदल रही है। स्वास्थ्य के प्रति सचेत लोग वापस मिलेट्स की ओर लौट रहे हैं, जबकि कम आय वर्ग के लोग रिफाइंड अनाज की ओर बढ़ रहे हैं।

धान की तुलना में मिलेट्स में 80% कम पानी की जरूरत

सिंचाई संसाधनों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि धान की खेती के लिए भारी निवेश किया जाता है, जबकि मिलेट्स फसलें लगभग अस्सी प्रतिशत कम पानी में तैयार हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि वे आगामी विधानसभा सत्र में मिलेट्स के सेवन को बढ़ावा देने के लिए मुद्दा उठाएंगे। डॉ. भरत रेड्डी ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हम चाहते हैं कि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कम से कम एक बार मिलेट आधारित भोजन को अपनाए।

यह मिशन देशव्यापी स्तर पर लोगों को पारंपरिक अनाज की अहमियत समझाने और आधुनिक आहार में सुधार करने के लिए प्रेरित करेगा। डॉ. तारा सत्यवती ने कहा कि संतुलित आहार न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को, बल्कि हमारे विचारों, व्यवहार तथा समग्र कल्याण को भी सीधे प्रभावित करता है। मिलेट अनाज सुपर फूड के रूप में अपनी प्रतिष्ठा पाने के हकदार हैं।

यह भी पढ़ें… केबीआर पार्क के सामने कैंडललाइट विरोध प्रदर्शन

वन मील ए डे विद मिलेट्स पहल को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए मिलेट मार्वल्स ने फिल्म अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी के साथ साझेदारी की है। इस संदर्भ में नागार्जुन ने विशेष वीडियो संदेश के माध्यम से नागरिकों से अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने तथा मिलेट्स को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज तथा राष्ट्र के निर्माण के लिए पारंपरिक और पौष्टिक आहार की ओर लौटना आवश्यक है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button