पहनावे में झलकनी चाहिए शालीनता : ललितप्रभजी
हैदराबाद, हमारे पहनावे में शालीनता झलकनी चाहिए। कोई हमें देखे तो उसकी नजरों में दूषितता नहीं वरन् निर्मलता उभरकर आए। उक्त उद्गार नुमाइश मैदान में लोक कल्याणकारी चातुर्मास समिति, त्रयनगर, हैदराबाद द्वारा आयोजित 53 दिवसीय प्रवचनमाला के 28वें दिन आज युवाओं से कुछ कहना है विषय पर प्रवचन देते हुए राष्ट्र संत महोपाध्याय श्री ललितप्रभ सागरजी ने दिये।
आज यहाँ समिति के अध्यक्ष प्रदीप सुराणा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संत प्रवर ने कहा कि जब भी बोलें, सलीके से बोलें। किसी को कोई काम बताना हो तो मिठास और सम्मान से बताएँ। याद रखें, मुँह हमारी दुकान है और होंठ उसके गेट। मुँह खुलने पर पता चलता है कि दुकान में हीरे भरे हैं या कोयले। संतप्रवर ने व्यवहार शैली को ठीक करने की सीख देते हुए कहा कि जिनसे भी मिलें प्रेम, मिठास और विनम्रता से मिलें ताकि लोगों को हमारा व्यवहार सदा याद रहे।
सामने वाला भले ही घटिया व्यवहार करे, पर हम बड़प्पन दिखाएँ और उसके साथ भी बढ़िया व्यवहार करें। हो सके तो किसी के भी साथ स्वार्थभरा व्यवहार न करें। कार्यशैली को बेहतर बनाने की प्रेरणा देते हुए संतप्रवर ने कहा कि ऐसा कोई काम न करें जिससे दूसरों का अहित होता हो, किसी भी काम को छोटा न समझें, हड़बड़ी में काम न करें और जो भी करें, उस हर काम को पूर्णता दें।
जीवन में सफलता के लिए अपनाएं लाइफ मैनेजमेंट : पूज्यश्री
लाइफ मैंनेजमेंट अपनाने की सीख देते हुए पूज्यश्री ने कहा कि हम चौबीस घंटों को बदलकर पच्चीस घंटे कर सकें, पर जीवन को अगर व्यवस्थित ढंग से जिएँ और हर काम मैनेजमेंट के साथ करें तो चौबीस घंटों में पच्चीस घंटों का काम अवश्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दरी को यूँ ही पटक देंगे तो तीन लोग भी सही तरीके से बैठ नहीं पाएँगे लेकिन दरी को सही ढंग से बिछा देंगे तो दस लोग भी आराम से बैठ जाएँगे।
जो लोग अपनी हर चीज को व्यवस्थित रखते हैं उन्हें रात के 12 बजे भी वह चीज बिना ढूँढे आसानी से मिल जाती है, पर जो लोग चीजों को रखने में लापरवाही बरतते हैं, कहीं पर कोई भी चीज रख देते हैं वे जरूरत पड़ने पर उस चीज को ढूँढते रहते हैं और दिन के 12 बजे भी वह चीज मिल नहीं पाती है।
हम अगर जीवन में सफल होना चाहते हैं, आगे बढ़ना चाहते हैं तो हर काम व्यवस्थित ढंग से करें। लाइफ मैनेजमेंट में ही जीवन की हर सफलता का राज छिपा होता है। सुबह जल्दी उठने की सलाह देते हुए संतप्रवर ने कहा कि जल्दी उठने और जल्दी सोने वाले सदा स्वस्थ, बुद्धिमान और धनवान रहते हैं।
जो उगता हुआ सूर्य देखते हैं उनके भाग्य भी सदा उदित रहते हैं और जो केवल डूबता हुआ सूर्य देखते हैं उनके भाग्य भी धीरे-धीरे डूब जाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों को कहा कि वे स्वयं जल्दी जगें और अपने बच्चों को देर तक सोया हुआ न रहने दें। रविवार के दिन बच्चों को पार्क में घुमाने ले जाएँ।
उन्हें योगाभ्यास, प्रार्थना और ध्यान करवाएँ। बिखरे हुए सामान को व्यवस्थित रखना सिखाएँ। इससे वे ऊर्जावान भी बनेंगे और आपके लिए मददगार भी साबित होंगे। अवसर पर डॉ. मुनि शांतिप्रिय सागरजी ने नवकार महामंत्र की सामूहिक प्रार्थना करवाई।
आगम प्रस्तुति व अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम में अखिल भारतीय खरतरगच्छ महिला परिषद द्वारा आगम का महत्व विषय पर नाटक और नृत्य की प्रस्तुति दी गई। अवसर पर विनय आदित्य अतुल और महिला परिषद की राय सोनी, जैन इंटरनेशनल स्कूल परिवार द्वारा सभी श्रद्धालुओं को राष्ट्र संतों के कोटेशन वाले कैलेंडर की प्रभावना दी गई।
समारोह के शुभारंभ में लाभार्थी परिवार अक्षय कुमार, प्रवीण, सुमेरमल, हीरालाल, ललितराज, विमल कुमार, सुरेश चंद, दर्शन, सविता समस्त बम्बोली परिवार, अशोक कुमार चाणोदिया, जयंती लाल भंडारी, अशोक कुमार लूणिया, नव्य नाहर द्वारा भगवान महावीर की मूर्ति के समक्ष माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया।
अवसर पर अतिथि के तौर पर विजय राज सोनी, वरिष्ठ समाजसेवी अनुप ओजतिया इंदौर, ओसवाल सभा अध्यक्ष प्रकाश चंद कोठारी उदयपुर, महावीर साधना समिति महासचिव फतेह सिंह मेहता उदयपुर, संतोष चंद सरहा कलकत्ता का स्वागत लोक कल्याणकारी दिव्य सत्संग चातुर्मास समिति के पदाधिकारी विमल कुमार नाहर, मोतीलाल भलगट, उमेश बागरेचा, प्रदीप सुराणा, अमित मुणोत, पवन कुमार पांडया, नवरतनमल गुंदेचा, अशोक कुमार नाहर
यह भी पढ़े : बुढ़ापे को आह भरा नहीं, वाह भरा बनाएँ : चन्द्रप्रभजी
माणक चंद पोकरणा, विमल कुमार मुथा, प्रवीण सुराणा, चन्द्र प्रकाश लोढ़ा और महिलाओं का स्वागत शोभा देवी नाहर, शोभा रानी भलगट, आरती सुराणा, लाड़ कंवर नाहर, सूरज देवी गुंदेचा, ललिता पोकरणा, सविता मुथा, मनीषा नाहर ने किया। मंच संचालन महामंत्री अशोक कुमार नाहर ने करते हुए बताया कि रविवार को एग्जिबिशन ग्राउंड में सोचो अगर मां न होती विषय पर प्रवचन होगा। अवसर पर तेलंगाना के राज्यपाल की उपस्थिति होगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



