ईरान-अमेरिका वार्ता का अगला दौर जल्द होने की उम्मीद : पाक रक्षा मंत्री
इस्लामाबाद, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि ईरान-अमेरिका वार्ता का अगला दौर जल्द होने की उम्मीद है। शनिवार को अमेरिका और ईरान के बीच हुई 21 घंटे की वार्ता 1979 के बाद अपनी तरह की पहली वार्ता थी, जिसमें दोनों पक्षों के शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया था।
हालांकि, सप्ताहांत में पाकिस्तान में हुई इस वार्ता में दोनों पक्ष कोई स्थायी शांति समझौता करने में विफल रहे। आसिफ ने सोमवार को संसद भवन के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि वार्ता के बाद इस बात का थोड़ा संतोष है कि अब तक कोई नकारात्मक घटनाक्रम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि केवल सकारात्मक प्रगति ही दिखी है जिससे संकेत मिलता है कि राजनयिक प्रयास रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
चीन-पाकिस्तान वार्ता में पश्चिम एशिया में शांति और युद्धविराम पर जोर
इस बीच चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने सोमवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष इशाक डार के साथ एक बातचीत में कहा कि पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष को फिर से भड़कने से रोकने और युद्धविराम को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, डार ने वांग से टेलीफोन पर बातचीत की और हाल ही में संपन्न हुई इस्लामाबाद वार्ता पर विचार-विमर्श किया। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार वांग ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष को फिर से भड़कने से रोकने और युद्धविराम को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़े : पहले रोके गए पाक जहाजों को अब होर्मुज पार करने की मंजूरी
वांग चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य भी हैं। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि वांग ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में पाकिस्तान के प्रयासों पर डार को बधाई दी और पाकिस्तान की ‘रचनात्मक कूटनीतिक भूमिका’ के लिए चीन के निरंतर समर्थन की पुष्टि की। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



