आंदोलनकारियों को न्याय नहीं मिला : कविता
हैदराबाद, तेलंगाना जागृति की संस्थापक व पूर्व विधान परिषद सदस्य कल्वाकुंट्ला कविता ने कांग्रेस सरकार से तेलंगाना आंदोलनकारियों व अमर शहीदों के परिजनों को सरकारी नौकरी, आवासीय भूमि, इंदिरम्मा आवास व पेंशन देने की मांग की।
अपनी मांगों को लेकर चलो सचिवालय के तहत आंदोलन कर रहे तेलंगाना आंदोलनकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर मेहंदीपट्टनम, नामपल्ली, पंजागुट्टा पुलिस थाना ले जाने के बाद मेहंदीपट्टनम थाने गईं कविता ने आंदोलनकारियों को पूरा समर्थन जताया। उन्होंने कांग्रेस सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त की और कहा कि सत्ता में आने से पहले आंदोलनकारियों को वादों का झुनझुना थमाने वाली कांग्रेस ने अब सत्ता में आने के ढाई साल बाद भी कुछ नहीं किया है, जिसके चलते आंदोलनकारियों को सचिवालय का घेराव करना पड़ रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
कविता ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि तेलंगाना गठन के बाद भी आंदोलनकारियों को हिरासत में रखा जा रहा है। यदि आंदोलनकारियों के साथ सरकार वादे पूरे करके न्याय नहीं करेगी, तो कांग्रेस नेताओं का बाहर घूमना मुश्किल कर दिया जाएगा। कविता ने आगे कहा कि पूर्व बीआरएस सरकार और वर्तमान कांग्रेस सरकार में तेलंगाना आंदोलनकारियों के साथ कोई न्याय नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस आंदोलनकारियों को भूमि नहीं देगी तो वे खुद ही भूमियों पर कब्जा कर लेंगे और तेलंगाना जागृति उनके साथ खड़ी रहेगी। आंदोलनकारियों को रिहा कराने के बाद ही कविता रवाना हुईं।
यह भी पढ़े: बलिदानियों का अपमान : कविता
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





