एनटीआर ने तेलुगु भाषियों का सम्मान बढ़ाया : नारा भुवनेश्वरी
हैदराबाद, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री नंदमूरी तारक रामाराव की 30वीं पुण्यतिथि पर एनटीआर मेमोरियल ट्रस्ट की प्रबंध न्यासी नारा भुवनेश्वरी देवी ने श्रद्धांजलि दी और कहा कि तेलुगु भाषियों के आत्मगौरव के प्रतीक एनटीआर ने सेवा भाव के उद्देश्य से राजनीति में कदम रखकर तेदेपा की स्थापना की और देश में तेलुगुओं का सम्मान बढ़ाया है।




तेदेपा मुख्यालय एनटीआर भवन में पूर्व मुख्यमंत्री एनटीआर की पुण्यतिथि पर एनटीआर मोमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में लेजेंड्री ब्लड डोनेशन एंड फ्री मेगा हेल्थ कैम्प, डेंटल कैम्प आदि का आयोजन किया गया, जिसमें नारा भुवनेश्वरी देवी ने भाग लिया। अवसर पर उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायुडू ने एनटीआर के सेवा भाव के चलते ही ट्रस्ट की स्थापना की है। ट्रस्ट के माध्यम से अब तक 5 लाख यूनिट रक्त संग्रहित किया गया है। अब तक करीब 9 लाख 18 हजार लोगों को गुणवत्तापूर्ण रक्त उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा सर्वप्रथम थैलेसीमिया रोग ग्रस्त बच्चों को रक्त प्रदान किया जाता है, उसके बाद अन्य जरूरतमंदों को प्राथमिकता दी जाती है।
जीवन में सफलता के बाद समाज और देश को लौटाने का संदेश
भुवनेश्वरी देवी ने आगे कहा कि ट्रस्ट का ब्लड बैंक हैदराबाद, तिरुपति, वैजाग व राजमहेंद्रवरम में संचालित किया जा रहा है। हर किसी को जीवन में सफलता हासिल कर एक स्थान पर पहुंचने के बाद देश व समाज से जो पाया है, उसे लौटाने के कार्य करने चाहिए। उन्होंने कहा कि एनटीआर ट्रस्ट के अलावा भी समाज में कई लोग व संस्थाएं सेवा कार्य कर रहे हैं जो देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि एनटीआर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सहयोग करने के उद्देश्य से स्त्रा शक्ति हस्तकला केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ में स्टोर स्थापित करने सहयोग प्रदान किया जाता है। हैदराबाद में महिला शक्ति हस्तकला स्टोर के माध्यम से महिलाओं को हर प्रकार से मजबूत किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें… रेवंत रेड्डी ने किया 386 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
अवसर पर ट्रस्ट के सीईओ के. राजेंद्र कुमार, सीओओ ए. गोपी, तेदेपा प्रदेश नेता अजमीरा नायक, श्रीपति सतीश, पोगाकू जयरामचंदर, अमरनाथ, के. कृष्णमाचारी आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



