सफला एकादशी व्रत होती है भक्तों की मनोकामना सफल

पौष माह के कृष्ण पक्ष की सफला एकादशी, वैदिक परंपरा की उन विशेष तिथियों में से एक है, जिन पर श्रद्धा का हर क्षण भगवान विष्णु की कृपा से जुड़ता है। भारतीय संस्कृति में एकादशी न केवल उपवास के साथ अपने भीतर निहित अनुशासन, संयम और आध्यात्मिक ऊर्जा के उत्सव का दिन है। यूं तो हर माह में दो एकादशी आती है।

इस तरह साल में कुल 24 एकादशी होती हैं। इनमें सफला एकादशी विशेष है। इसे सफला एकादशी इसलिए कहते हैं, क्योंकि इसका व्रत रखने पर भक्त की सभी मनोकामनाएं सफल होती हैं। यह लोकमान्यता है कि इस एकादशी को किया गया व्रत भक्त के जीवन में किसी तरह का संकट नहीं आने देता। सफला का अर्थ है- जीवन को सफल बनाने वाली।

सफला एकादशी : संयम, भक्ति और नए संकल्प का पर्व

इस दिन भगवान विष्णु की खास उपासना की जाती है। लोग भक्ति, दान और उपवास का सामंजस्य बनाकर खुद के जीवन को संयमित और अनुशासित बनाते हैं। मन की शुद्धि, विचारों की स्थिरता और जीवन के प्रति सकारात्मकता का अनुभव इसी दिन से गहराता है। योगशास्त्र के अनुसार, चंद्रमा की एकादशी तिथि मन की तरंगों को शांत करने की सर्वश्रेष्ठ तिथियों में से एक है।

एकादशी को किया गया ध्यान, उपवास और प्रार्थना का प्रभाव बाकी दिनों के मुकाबले काफी ज्यादा होता है। सफला एकादशी इसी कारण से सिद्धि-दायिनी तिथि मानी जाती है। सफला एकादशी का व्रत और महात्म्य विष्णु पुराण और पद्म पुराण में संकल्पित है। सफला एकादशी का व्रत सौभाग्य को बढ़ाता है। यह व्रत नये संकल्प और नये अनुशासनों का प्रवेश-द्वार होता है। इसके सामाजिक और सांस्कृतिक आयाम भी बेहद विस्तृत हैं।

भारतीय समाज में दान और कल्याण की जो परंपरा है, वास्तव में सफला एकादशी उसी परंपरा का प्रतीक है। इस दिन भोजन, फल, वस्त्र, घी या कोई भी कीमती उपयोगी वस्तु का दान किया जाता है। इस दान से समाज में संवेदनशीलता की भावना बढ़ती है। इस दिन सामूहिक कीर्तन, सत्संग और भजन के समारोह होते हैं, जो लोगों को आपस में जोड़ते हैं। सांस्कृतिक रूप से यह कृत्य किसानों और व्यवसायों के लिए भी बेहद प्रिय है।

व्रत, भक्ति और अनुशासन : सफला एकादशी की सरल साधना

इस दिन ये लोग नये कामों का संकल्प लेते हैं और पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ाते हैं। सफला एकादशी के व्रत में भक्ति और अनुशासन का विशिष्ट मेल होता है। इस दिन व्रती प्रात स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करके भगवान विष्णु के समक्ष उपवास का संकल्प लेते हैं। इस दिन मंदिर या घर पर भगवान विष्णु का पूजन किया जाता है।

तुलसी दल, पीले फूल, धूप, दीप और नैवेद्य चढ़ाये जाते हैं। इस दिन ॐ नमो भगवते वासुदेवाय का मंत्र जाप किया जाता है, जो मन को विशुद्ध और शांत बनाता है। रात्रि के समय भजन, कीर्तन और कथा श्रवण करने को शुभ माना जाता है।

यह भी पढ़े : पूजा-सामग्री से प्राप्त राख़ होती है उपयोगी

द्वादशी की सुबह निश्चित समय में उपवास खोला जाता है और दान करने की परंपरा निभायी जाती है। पूजा की इस सरल विधि में सबसे महत्वपूर्ण होती है- भक्ति की भावना। त्याग और संतुलन के अभ्यास का यह व्रत पर्व हमारे दैनिक जीवन को संयमित और अनुशासित बनाता है। इस दिन का संदेश तामसिक भोजन का त्याग और अपनी इच्छाओं को आत्मनियंत्रित करना है।

आर.सी.शर्मा

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button